भाजपा विधायक के साथ अभद्र व्यवहार करने पर एच.सी.एस. अफसर सस्पेंड

11/16/2018 9:23:11 AM

चंडीगढ़(पांडेय): हरियाणा के बवानीखेड़ा से भाजपा विधायक विशंभर बाल्मीकि के साथ वीरवार को एच.सी.एस. अफसर के.के. कलसन ने सचिवालय की लिफ्ट में अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। जिसके बाद देरशाम मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने पर सरकार ने एच.सी.एस. अफसर के.के. कलसन को तत्काल प्रभाव से सस्पैंड कर दिया है। बताया गया कि बाल्मीकि अपने पी.ए. व कार्यकर्ताओं के साथ मुख्य सचिवालय की चौथी मंजिल से नीचे आ रहे थे।
 

लिफ्ट में एच.सी.एस. अधिकारी के.के. कलसन भी मौजूद थे। इस दौरान एक कार्यकत्र्ता ने कलसन से विधायक बाल्मीकि का परिचय करवा दिया। इस पर कलसन ने बदसलूकी कर दी। जिसका पी.ए. और कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। विधायक विशंभर बाल्मीकि ने लिफ्ट से बाहर आते ही इसकी शिकायत तुरंत सैक्टर-3 पुलिस थाना में कर दी। इससे कलसन घबरा गए। उन्होंने विधायक से माफी मांगनी शुरू कर दी। सचिवालय के बाहर हुए पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल हो गया। 

वीडियो में कलसन हाथ जोड़कर विधायक से माफी मांग रहे हैं। माफी मांगने के दौरान वह भावुक भी हो गए। पुलिस कार्रवाई के चक्कर में पडऩे से बचने के लिए उन्होंने विधायक के पैरों में भी हाथ लगाने की कोशिश की, लेकिन बदसलूकी से आहत विधायक ने सैक्टर-3 थाने में डी.डी.आर. दर्ज करवा दी है। इससे पहले कि पुलिस मौके पर पहुंचकर अपनी कार्रवाई करती, कलसन वहां से निकल गए।

Rakhi Yadav