"मेरी पत्नी पर रखता है गंदी नजर", छोटे ने बड़े भाई पर लगाए आरोप, शिकायतों पर कार्रवाई न होने से बुलंद हुए आरोपियों के हौसले
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 01:41 PM (IST)
रेवाड़ी(महेन्द्र भारती): रतन्थत गांव की रहने वाली प्रीती ने अपने जेठ और उसके परिजनों पर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी और गलत नीयत से परेशान करने के आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि इस संबंध में वह पहले भी पुलिस को शिकायत दे चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते आरोपियों के हौसले बढ़ गए हैं और वे लगातार उसे परेशान कर रहे हैं।
पुलिस को दी शिकायत में प्रीती ने बताया कि उसका पति वेयरहाउस में काम करता है और वह अपने बच्चों के साथ घर पर रहती है। महिला के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे उसका जेठ कैलाश देवी, उसका लड़का रोहित और पवन कुमार सहित कुछ लोग उसके घर के गेट पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इनमें से कुछ लोगों ने शराब पी रखी थी। महिला ने बताया कि जब वह घर से बाहर आई तो आरोपी वहां से चले गए। इसके बाद पवन कुमार और उसकी पत्नी सहित अन्य लोगों ने उसे पकड़कर कमरे में ले जाने का प्रयास किया और डंडे से मारपीट की। महिला के अनुसार, मारपीट में उसके शरीर पर कई जगह चोटें आईं।
प्रीती ने बताया कि उसने उसी रात 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी थी। आरोप है कि अगले दिन सुबह जब वह घर से बाहर जा रही थी तो पवन कुमार गेट पर डंडा लेकर खड़ा था और उसने दोबारा उसके साथ मारपीट करने का प्रयास किया। पीड़िता के पति ने आरोप लगाया कि आरोपी उसकी पत्नी पर गंदी नजर रखता है और उसके साथ गलत काम करने की नीयत रखता है।
पति ने पुलिस से गुहार लगाई कि उसकी पत्नी को आरोपी की कथित गलत नीयत का शिकार होने से बचाया जाए और उसे तथा उसके बच्चों को सुरक्षा प्रदान की जाए। पीड़िता और उसके पति का आरोप है कि पहले भी पुलिस को शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से आरोपी के हौसले बढ़ गए हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।