कहां मोदी व कहां छोटा-सा राहुल गांधी, उसे इस प्रकार की बातें शोभा नहीं देती : विज

5/21/2018 8:21:52 AM

अम्बाला(जतिन): कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुर्जेवाला पर पलटवार करते हुए कहा कि शेर के डर से सारी भेड़ें इकट्ठी हो जाती हैं और अब ये सारी भेड़ों को इकट्ठा कर रहे हैं।

अनिल विज कर्नाटक में बदले सियासी घटनाक्रम पर मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त करने के सुर्जेवाला के आरोप का जवाब देते हुए अनिल विज ने कहा कि अगर विधायकों की खरीद फरोख्त की बात होती तो कर्नाटक में मुख्यमंत्री की शपथ ले चुके होते और येदुरप्पा कभी इस्तीफा नहीं देते। विज ने कहा कि कांग्रेस इतनी बेशर्म पार्टी है कि वे हम पर तो विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगा रही है, लेकिन कांग्रेसी खुद भी तो बताएं कि कितने में बिके हैं या उन्होंने कितने में जी.डी.एस को खरीदा है।  विज ने हुड्डा को पहले अपने साथी नेताओं को मनाने की सलाह दी है।

विज ने कटाक्ष करते कहा कि हुड्डा को अगर लोगों को मनाना है तो पहले अपने नेताओं को मनाएं। उन्होंने कहा कि इन के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर बेचारा साइकिल पर अलग घूमता है, सी.एल.पी लीडर किरण चौधरी अलग घूम रही है और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुर्जेवाला अपनी अलग ही डफ ली बजा रहा है । उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सलाह दी कि वे पहले अपने नेताओं को मना लें, लोगों को उसके बाद मनाया जा सकता है।

उन्होंने ट्वीट में कहा है कि सत्ता की भूखी कांग्रेस ने अपने से छोटे राजनीतिक दल जी.डी.एस, जिसके मात्र 38 विधायक हैं, उसके सामने घुटने टेक दिए हैं। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा पी.एम नरेंद्र मोदी को भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के बयान पर अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी अपना संतुलन खो बैठे हैं। राहुल गांधी एक प्रधानमंत्री के साथ कैसे बात करनी चाहिए, उन्हें कैसे संबोधन करना चाहिए उनको मालूम नहीं। विज ने कहा कि कहां नरेंद्र मोदी और कहां छोटा.सा राहुल गांधी। उसे इस प्रकार की बातें शोभा नहीं देती।

Rakhi Yadav