20 लाख मांगकर दी थी धमकी...FIR दर्ज होने के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने दबोचा आरोपी, पूरे मामले की जांच जारी

punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 03:38 PM (IST)

गोहाना (सुनील जिंदल): गोहाना में ज्वेलर से 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर गोहाना सिटी थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है कि मामला फिरौती का है, लेन-देन विवाद का या फिर किसी कथित ठगी से जुड़ा हुआ है।

जानकारी के अनुसार गोहाना के जेवेलर्स श्री भगवान गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि एक युवक उससे 20 लाख रुपये की मांग कर रहा है और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। शिकायत मिलते ही सिटी थाना गोहाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी “लक्खा उर्फ जबरू” स्थानीय गांव का रहने वाला है और वह पहले ज्वेलर के संपर्क में भी रह चुका है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले ज्वेलर का ग्राहक था और उसने उससे सोने के आभूषण भी बनवाए थे।

किसी पुराने लेन-देन विवाद से जुड़ा है मामला

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे पर पैसों को लेकर आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मामला वास्तव में फिरौती का है या किसी पुराने लेन-देन विवाद से जुड़ा हुआ है।

ACP गोहाना ने बताया कि कल थाना शहर गोहाना में ज्वेलर विहान गोयल ने शिकायत दी थी कि एक व्यक्ति उससे 20 लाख रुपये मांग रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। शिकायत पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी और ज्वेलर दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। 

अब पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है कि मामला क्या है। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)          

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static