आने वाले 5 साल वह बतौर सीएम प्रदेश की जनता की सेवा करेंगे:प्रवीन अत्रे

punjabkesari.in Tuesday, Sep 10, 2024 - 07:05 PM (IST)

चंडीगढ़( चंद्रशेखर धरणी):  हरियाणा के मुख्यमंत्री बनने और उससे पहले तक सांसद, मंत्री और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कोई भी कार्यकाल पूरा नहीं कर पाने वाले मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से हरियाणा में सत्ता की हैट्रिक लगाने का दावा कर रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव रहे और बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता प्रवीण अत्रे ने मुख्यमंत्री सैनी के कार्यकाल पूरा नहीं कर पाने को लेकर बड़ा खुलासा किया है। हमने मुख्यमंत्री के कार्यकाल के अलावा कई अन्य मुद्दों पर प्रवीण अत्रे से खास बातचीत की। इस दौरान अत्रे ने जहां विधानसभा के अंतिम सत्र बुलाए जाने को लेकर पार्टी की रणनीति का खुलासा किया। वहीं, उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर प्रहार किया। चलिए आप भी जानिए कि आखिर प्रवीण अत्रे ने किस-किस बात का खुलासा किया…?

सवालः- हरियाणा विधानसभा का सत्र बुलाने के लिए केवल दो दिन शेष बचे हैं। 12 सितंबर से पहले सेशन बुलाया जाना था, लेकिन अब विधायकों के व्यस्त होने के कारण लगता नहीं है कि सत्र बुलाया जाएगा। ऐसे में क्या अब विधानसभा को भंग किया जाएगा या फिर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगेगा।
जवाबः-
यह एक संवैधानिक विषय है और संविधान में जो भी नियम होगा भारतीय जनता पार्टी संविधान के अनुसार ही निर्णय लेगी, क्योंकि बीजेपी संविधान को मानने वाली पार्टी है। बीजेपी कांग्रेस की तरह से अपने फायदे के लिए संविधान को पंगू करने वाली पार्टी नहीं है। कांग्रेस ने 1975 में एमरजेंसी लगाकार संविधान को पूरी तरह से पंगू कर दिया था। आम आदमी को संविधान की ओर से दिए गए उसके मौलिक अधिकार तक छीन लिए थे। यह कांग्रेस की सोच है। इसलिए संविधान के अनुसार जो भी सही होगा, वहीं फैसला लिया जाएगा। 

सवालः- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने किसी भी पद पर कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए। ऐसे में लाडवा की जनता क्या उम्मीद करें ?
जवाबः-
नायब सिंह सैनी को बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व अलग-अलग समय पर अलग-अलग जिम्मेदारियां देता रहा है। पार्टी का नेतृत्व उसी कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देता है, जो बहुत अच्छा कार्यकर्ता होता है। नायब सैनी ने एक अच्छे कार्यकर्ता के तौर पर पूरे समपर्ण भाव के साथ काम किया। इसलिए पार्टी ने एक के बाद एक उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है। अब उनके पास मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी है। प्रदेश में मुख्यमंत्री का पद सबसे बड़ा पद होता है। आने वाले 5 साल वह बतौर सीएम प्रदेश की जनता की सेवा करेंगे। पार्टी नेतृत्व की ओर से इसकी घोषणा भी की जा चुकी है। अब सभी का एक ही लक्ष्य है कि इस चुनाव में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बने।

सवालः- लाडवा में क्या नायब सैनी अपनी टर्म पूरी करेंगा, क्योंकि कीस भी क्षेत्र में वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए ?
जवाबः-
पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें अलग-अलग समय पर अलग-अलग पदों पर पहले से बड़ी जिम्मेदारी देता रहा है। अब सबसे बड़ी जिम्मेदारी पर वह आ गए है। अब इससे आगे कोई जिम्मेदारी नहीं है। इसलिए सम्भाविक है कि इसी पद पर वह रहेंगे और 5 साल पार्टी और हरियाणा की जनता की सेवा करेंगे।

सवालः- इस चुनाव में किससे मुकाबला मानते हैं ?
जवाबः-
हरियाणा में यह तय है कि भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार सरकार बनाएगी। साथ ही यह भी तय है कि दूसरे नंबर पर कांग्रेस रहेगी। बाकी दलों का हरियाणा में कोई बड़ा आधार नहीं है।

सवालः- कांग्रेस तो बहुत निश्चित है। हर नेता 70 और 75 प्लस से कम की बात ही नहीं कर रहा।
जवाबः-
वह केवल बात ही करते हैं। यदि वह इतने मजबूत थे तो फिर वह गठबंधन क्यों करना चाहते हैं। कभी वह कहते हैं कि आप से गठबंधन करेंगे। कभी कहते हैं कि शरद पवार की पार्टी को एक सीट देंगे। कभी वह कहते हैं कि हम समाजवादी पार्टी से भी गठबंधन करेंगे। जो दल इतना मजबूत है तो पिर वह गठबंधन क्यों कर रहा है ?

सवालः- भारतीय जनता पार्टी किन मुद्दों को लेकर चुनाव में जाएगी ?
जवाबः-
भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 10 साल हरियाणा में जो विकास के काम किए है। बीजेपी ने हरियाणा में सत्ता के साथ व्यवस्था परिवर्तन का काम किया है। हरियाणा में भाई-भतीजवाद, क्षेत्रवाद, जातिवाद और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। नौकरियों में बंदरबांट होती थी। पर्ची-खर्ची के बिना नौकरी नहीं मिलती थी। या तो जिसके पास पैसा या फिर जिसके पास सिफारिश होती थी, उसे ही नौकरी मिलती थी। बीजेपी ने इस व्यवस्था को खत्म किया है। अब योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरी मिलती है। इसके साथ ही प्रदेश के लोगों को घर बैठे ही सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

सवालः- बीजेपी में अब तक 67 उम्मीदवारों की घोषणा की है। इसके साथ ही 250 और 300 से ज्यादा लोग इस्तीफें दे चुके हैं।
जवाबः-
हमने बेहतरीन में से बेहतरीन कार्यकर्ता को चुनकर उसे टिकट दी है। कई बार पार्टी कार्यकर्ताओं में कुछ नाराजगी और गुस्सा हो जाता है, लेकिन ये बीजेपी का परिवार है और इस परिवार में कोई भी कार्यकर्ता अधिक समय तक नाराज नहीं रह सकता। 

सवालः- टिकट वितरण के बाद सावित्री जिंदल, लतिका शर्मा, बिशंभर वाल्मीकि और रामबिलास जैसे नेताओं के आंसू छलके ?
जवाबः-
यह सब भावनात्मक रूप है और भावनाएं इंसान के स्वभाव का एक हिस्सा होता है। इंसान को अपनी भावना जरूर जाहिर करनी चाहिए। उसे दबाना नहीं चाहिए। हम सभी एक परिवर का हिस्सा है और परिवार में किसी बड़े के फैसले से कईं बार कुछ सदस्य नाराज हो सकते हैं।

सवालः- नाराज और बागी नेताओं को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सैनी साफ संदेश दे रहे हं कि यह सब सहन नहीं होगा ?
जवाबः-
पार्टी नेतृत्व में पहले ही साफ क दिया था कि जो टिकट दिया गया है। वह काफी सोच समझकर दिया है। इसलिए मनोहर लाल और मुख्यमत्री नायब सिंह सैनी ने भी साफ कहा कि अब टिकट में किसी प्रकार का बदलाव नहीं होगा। पार्टी नेतृत्व ने हर बात का मंथन और विचार करने के साथ हर चीज को देखकर ही कार्यकर्ता को चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी दी है।

सवालः- चुनाव में कौन-कौन से स्टार प्रचारक आएंगे ?
जवाबः-
पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व प्रचार के लिए आएगा। 14 सितंबर को खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुरुक्षेत्र से चुनावी शखनाद करेंगे। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नीतिन गडकरी और मनोहर लाल समेत सभी बड़े नेता प्रचार के लिए आएंगे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static