स्वास्थ्य विभाग को मिली 5 नई एम्बुलैंस, मरीजों को अब समय पर मिल पाएगी सुविधाएं

10/25/2019 9:53:03 AM

जींद (ललित) : शहर में स्वास्थ्य विभाग को 5 नई एम्बुलैंस मुख्यालय से मिली हैं। यह एम्बुलैंस विभाग के पास पहुंच चुकी हैं। अब विभाग के बेड़े में एम्बुलैंस की संख्या 21 हो गई है। इसका अब सीधा-सा फायदा मरीजों को होगा। हालांकि, आबादी के हिसाब से स्वास्थ्य विभाग ने मांग 10 एम्बुलैंस की भेजी थी लेकिन मुख्यालय की ओर से 5 ही एम्बुलैंस स्वास्थ्य विभाग को दी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग के पास फिलहाल 16 एम्बुलैंस हैं।

सभी एम्बुलैंस ऑन रूट हैं। जींद के सिविल अस्पताल में इस समय 3 एम्बुलैंस हैं। इसके अलावा प्रत्येक सी.एच.सी. पर एक-एक एम्बुलैंस उपलब्ध करवाई गई है। जरूरत पडऩे पर आस-पास के गांवों में एम्बुलैंस को भेजा जाता है। स्वास्थ्य विभाग के रैफरल कंट्रोल रूम के पास हर रोज 80 से ज्यादा काल एम्बुलैंस के लिए आती हैं। अब 5 नई एम्बुलैंस मिलने से इसका फायदा स्वास्थ्य विभाग को होगा। 

मरीजों का इंतजार होगा कम
सिविल अस्पताल में कोई बड़ा हादसा होने पर एम्बुलैंस मरीज को लेकर रोहतक पी.जी.आई. चली जाती थी। इसके बाद गर्भवती महिलाओं को यदि एम्बुलैंस की जरूरत पड़ती थी तो उन्हें प्राइवेट वाहन या फिर प्राइवेट एम्बुलैंस पर निर्भर रहना पड़ता था। विभाग के बेड़े में नई एम्बुलैंस आने से अब स्वास्थ्य सेवाएं और प्रभावी होंगी।

जनसंख्या के हिसाब से उपलब्ध नहीं एम्बुलैंस
जिले में जनसंख्या के हिसाब से एम्बुलैंस की सुविधा नहीं है। विभाग की ओर से आबादी के हिसाब से 10 एम्बुलैंस की मांग मुख्यालय से की गई थी लेकिन विभाग की ओर से केवल 5 ही एम्बुलैंस भेजी गई हैं। यदि आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो 21 एम्बुलैंस जिले की आबादी के हिसाब से बेहद कम है। 
 

Isha