प्राइवेट अस्पतालों पर कसी जाएगी लगाम- आरती राव

punjabkesari.in Tuesday, Oct 22, 2024 - 04:43 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव में निजी अस्पतालों की मनमानी पर लगाम लगाई जाएगी। इसके लिए सिविल सर्जन को अतिरिक्त पावर दी जाएगी ताकि वह निजी अस्पतालों के खिलाफ आने वाली शिकायतों की जांच के बाद उन पर सीधे तौर पर कार्रवाई कर सके। इसको लेकर जल्द ही चंडीगढ़ में होने वाली बैठक में चर्चा की जाएगी। इसके अलावा गुड़गांव में पीजीआई बनवाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी ताकि गुड़गांव के साथ ही साथ दक्षिण हरियाणा के लोगों को भी इसका लाभ मिल सके।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।

 

यह बात स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कही। वे आज गुड़गांव में अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक को संबोधित करने बाद पत्रकारों से बात कर रही थी। आरती राव ने कहा कि गुड़गांव के सिविल अस्पताल को बनाने का काम काफी समय से लंबित पड़ा है। कई बार अस्पताल बनाने की योजनाएं बनी और उनमें बदलाव हुआ, लेकिन अब जल्द ही 700 बैड का अस्पताल बनाने के लिए काम शुरू हो जाएगा। यह पूरे दक्षिण हरियाणा के लिए एक मिसाल होगा।

 

स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि शीतला माता मेडिकल कॉलेज का कार्य भी अप्रैल महीने तक पूरा हो जाएगा। मेडिकल कॉलेज के निर्माण के दौरान ही कई बार इसके प्रोजेक्ट में बदलाव किए गए, लेकिन अब इसे अंतिम रूप देकर कार्य किया जा रहा है। जल्द ही काम पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्होंने अधिकारियों से भी लिखित रूप में मांगा है।

 

फिलहाल स्वास्थ्य मंत्री ने दावा किया है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर की जाएंगी। मरीजों की अकांक्षाओं के अनुरूप उन्हें सरकारी स्वास्थ्य सेवांए देने पर काम किया जाएगा। अब देखना यह होगा कि प्रदेश वासियों और खास तौर पर गुड़गांव वासियों को बेहतर सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं कब तक मिल पाती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static