हरियाणा में फिर सताएगी गर्मी! मानसून पर लगा ''ब्रेक'', 3 दिन साफ रहेगा मौसम...जानें आपके जिले का हाल
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 02:13 PM (IST)
हिसार: सितंबर के पहले हफ्ते में झमाझम बरसने के बाद हरियाणा में मानसून की रफ्तार फिलहाल थम गई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है, जिससे तापमान में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हालांकि, 11 सितंबर से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 11 और 12 सितंबर को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
बारिश पर ब्रेक लगते ही प्रदेश के मैदानी इलाकों में तापमान फिर से चढ़ने लगा है। सोमवार को हिसार में सर्वाधिक 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा भिवानी में 36.5°C, चरखी दादरी में 36.3°C और गुरुग्राम में 35.2°C पारा रहा। दक्षिणी जिलों में बारिश न होने से गर्मी और उमस का असर दोबारा देखने को मिल रहा है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान पलवल में 43 मिमी, सोनीपत में 25 मिमी, रोहतक में 2.5 मिमी, जबकि पानीपत और करनाल में 1-1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे पहले बीते पांच दिनों में उत्तरी हरियाणा और एनसीआर के जिलों जैसे यमुनानगर, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, अंबाला, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 25 से 110 एमएम तक अच्छी बारिश हुई थी।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, 10 सितंबर तक तापमान में लगातार इजाफा होगा। इसके बाद 11 सितंबर को एक मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से 11 और 12 सितंबर को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी और बौछारें पड़ने की उम्मीद है।