हरियाणा के इस जिले में झमाझम बारिश, तेज हवाओं और बिजली कड़कने से सहमे लोग; विभाग ने अलर्ट रहने की दी सलाह
punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 02:02 PM (IST)
पंचकूला (उमंग) : पंचकूला में आज दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं और बिजली की तेज कड़कड़ाहट के साथ कई इलाकों में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया, वहीं सड़कों पर भी पानी जमा होना शुरू हो गया।
हिमाचल प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों तक भारी बारिश को लेकर जारी अलर्ट के बीच पंचकूला में भी मौसम का असर देखने को मिल रहा है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर तेज बारिश का दौर जारी है। बारिश के दौरान पंचकूला और आसपास के कुछ क्षेत्रों में वज्रपात की भी सूचना है। तेज हवाओं और बिजली कड़कने के कारण लोगों में दहशत का माहौल भी देखने को मिला।
मौसम विभाग द्वारा खराब मौसम के मद्देनजर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश के चलते प्रशासन और संबंधित विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। विशेष रूप से घग्गर नदी और बरसाती नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।