बारिश के बाद गुड़गांव जाम, 6 घंटे तक फंसे रहे वाहन
punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 12:59 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव में बारिश हो और जाम न लगे ऐसा कभी हो ही नहीं सकता। गुड़गांव में हलकी बारिश से जहां जलभराव की समस्या सामने आती है वहीं, जाम का झाम भी लोगों को रुला देता है। ऐसा ही नजारा गुड़गांव में हर बारिश के दौरान देखने को मिलता है जब बारिश के बाद लोगों को घंटो जाम से जूझना पड़े।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
शहर में हुई 8 एमएम की बारिश ने जहां शहर में जगह-जगह जलभराव कर दिया तो वहीं, पूरा शहर जाम से जूझता रहा। सबसे ज्यादा असर साइबर सिटी में देखने को मिला जहां करीब छह घंटे तक वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा। यहां वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई। वहीं, इस तरह के हालात बजघेड़ा रोड सहित शीतला माता रोड पर भी देखने को मिले जहां वाहन चालकों को जलभराव के साथ-साथ जाम से भी जूझना पड़ा। वहीं, सड़कों पर हुए गड्ढों ने लोगों और पुलिसकर्मियों की मुसीबत कई गुना बढ़ा दी। सेक्टर-9 रोड पर ईएसआई अस्पताल के पास हुए सड़कों पर गड्डाें ने लोगों को खूब रुलाया। यहां गड्ढों में वाहनों के फंसने के कारण पुलिसकर्मियों को भी मशक्कत करनी पड़ी। यहां कई वाहन फंस गए तो कई ईरिक्शा पलटने की कगार पर पहुंच गए। इन गड्ढों में भरे पानी के कारण कई दोपहिया वाहन चालक भी चोटिल हो गए। इसके कारण सेक्टर-9 चौक से बसई चौक तक वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा।
आपको बता दें कि नगर निगम कमिश्नर सहित जीएमडीए के सीईओ ने मानसून से पहले दावा किया था कि शहर की सड़कों पर जलभराव नहीं होगा। वहीं, मानसून की हर बारिश ने अधिकारियों के दावों की पोल खोल दी। इस बार भी बरसात में जलभराव होने के साथ ही सड़कों पर गड्ढे हो गए जिसके कारण पूरे शहर में जाम की समस्या भी उत्पन्न हो गई। साइबर सिटी में एक बार फिर महाजाम जैसे हालात देखने को मिले। हर बरसात के दौरान सबसे ज्यादा दिक्कत इसी क्षेत्र में आती है जहां वाहन चालकों को घंटो जाम से जूझना पड़ता है। हालांकि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को जाम से निपटने के लिए तैनात तो किया जाता है, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के कारण सड़कों पर एकत्र पानी और गड्ढों के सामने यह पुलिसकर्मी भी बेबस नजर आते हैं।