यमुनानगर में भारी वर्षा से फसलों को भारी नुकसान, 2 दिन बाद होगा नुकसान का आंकलन

2/5/2022 12:56:27 PM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : हरियाणा के कई इलाकों की तरह यमुनानगर में भी बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इस समय प्रदेश के अधिकांश इलाकों में सरसों व गेहूं की फसल को इस वर्षा से सर्वाधिक नुकसान हुआ है। इसके अलावा जमीन के अंदर व बाहर लगने वाली सब्जियों को भी लगातार हुई वर्षा से नुकसान पहुंचा है।

हरियाणा कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. जे एस सैनी का कहना है कि पिछले दिनों हुई वर्षा से 28 हजार एकड़ क्षेत्र में फसलों को नुकसान हुआ था। उन्होंने बताया कि अभी दो दिन में यमुनानगर जिला में 36 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। जबकि रादौर व छछरौली में 45 एमएम से अधिक वर्षा हुई है, जिससे सरसों व गेहूं की 50 से 60% फसल को नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल से आने वाले पानी के कारण सोम नदी, पथराला नदी, सरस्वती नदी व चतंग नदी में पानी आया। इस पानी से भी फसलों को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि अब हुई वर्षा से फसलों को कितना नुकसान हुआ है इसका आकलन 2 दिन बाद मौसम ठीक होने के बाद करवाया जाएगा। किसान परेशान है आर्थिक स्थिति पहले से ही खराब है। अब किसान मुआवजे के लिए सरकार की तरफ टकटकी लगाए बैठे हैं। वहीं कृषि विभाग जल्दी ही नुकसान के आंकलन की बात कर रहा है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana