अब मिलेगी महाजाम से मुक्ति, CM मनोहर लाल ने किया हीरो होंडा चौक का उद्घाटन

7/24/2017 4:24:46 PM

गुड़गांव(राशि मनचंदा):दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस-वे के हीरो होंडा चौक पर बनाए जा रहे फ्लाईओवर का आज मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उद्घाटन किया। यह फ्लाईओवर आठ लेन का है। फ्लाईओवर पर चल रहे तीन स्तरीय कार्यों पर 198 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च हुई है। इसमें अंडरपास के निर्माण की लागत भी शामिल है। यह फ्लाईअोवर करीब डेढ़ साल में बनकर तैयार हुआ है। 

पिछले साल यहां पर लगे महाजाम के चलते प्रशासन की काफी किरकरी हुई थी और हीरो होंडा चौक सुर्खियों में आया था। इसी को देखते हुए सरकार ने हीरो होंडा चौक पर जाम को खत्म करने का फैसला किया था और फ्लाईओवर के निर्माण का ऐलान किया था। फ्लाईओवर का एक हिस्सा मार्च के आखिर में शुरू हुआ था। 

इसी चौक पर सबसे अधिक सड़क हादसे होते थे। फ़्लाईओवर बनने से रोजाना तकरीबन 1 लाख से ज्यादा वाहनों को जाम से परेशान नहीं होना पड़ेगा। इस फ्लाईओवर के निर्माण से यहां से गुजरने वाले यात्रियों विशेषकर सेक्टर-10, बसई, सुल्तानपुर झील और झज्जर जाने वालों को लाभ मिलेगा। इस मौके पर मुख्य मंत्री मनोहर लाल, राव इंद्रजीत, राव नरबीर, विधायक उमेश अग्रवाल और बीजेपी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।