डेरा सच्चा सौदा मामला: हरियाणा में हाई अलर्ट, पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद्द

8/17/2017 8:03:36 PM

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी):प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग तैयार है। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख से संबंधित चल रहे केस पर डीजीपी बी. एस. संधु ने कहा कि प्रदेश में कोई भी अप्रिय घटना को नहीं होने दिया जाएगा। हरियाणा पुलिस विभाग ने केंद्र सरकार से 150 अर्धसैनिक बलों की कंपनियों की मांग की है। हरियाणा पुलिस कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द की गई।

डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख से संबंधित चल रहे केस पर डीजीपी बी. एस. संधु ने गुरुवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सुरक्षा के पूरे इंतजाम कर लिए गए हैं। इसके लिए केंद्र सरकार से भी 150 अर्धसैनिक बलों की कंपनियों की मांग की है। उन्होंने बताया कि पंचकूला, सिरसा, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, हिसार, फतेहाबाद और जींद संवेदनीशल स्थान है। इन स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था पर ’यादा नजर रहेगी और आज से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि यौन शोषण का शिकार हुई एक साध्वी ने गुमनाम पत्र लिखकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से शिकायत की थी। पत्र पर संज्ञान लेते हुए सितम्बर 2002 को मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। सीबीआई ने जांच में उक्त तथ्यों को सही पाया और डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह के खिलाफ विशेष अदालत के समक्ष 31 जुलाई 2007 में आरोप पत्र दाखिल कर दिया। डेरा प्रमुख को उक्त मामले में अदालत से जमानत तो मिल गई परंतु पिछले लम्बे समय से मामला पंचकुला की सीबीआई अदालत में चल रहा है।