ठेकेदार की हत्या कर नकदी व मोबाइल लूटा

12/20/2016 5:01:48 PM

हिसार: न्यू ऋषि नगर में बीती रात्रि एक व्यक्ति की सिर पर वार कर हत्या कर दी। आरोप है कि लूटपाट के इरादे से यह हत्या की गई है। आरोपी मृतक की जेब से करीब 7 हजार और मोबाइल लूट ले गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आज सुबह क्षेत्रवासियों ने पुलिस को सूचना दी कि बस स्टैंड से श्मशान भूमि जाने वाले मार्ग पर लहूलुहान अवस्था में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान ठेकेदार सूबे सिंह (52) निवासी न्यू ऋषि नगर के रूप में हुई। वारदात का पता चलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। 

परिजनों ने बताया कि सूबे सिंह भवन निर्माण के ठेके लेता है। बीती रात्रि वह निजी अस्पताल में उपचाराधीन रिश्तेदार से मिलने गया था। रोगी के परिजनों ने उनसे अस्पताल की कुछ फीस जमा करवाने के लिए बुलाया था।यहां से वह एक अन्य रिश्तेदार से मिला और उसके बाद घर के लिए रवाना हो गया। परिजनों का कहना है कि सूबे सिंह की जेब में करीब 7 हजार रुपए और मोबाइल था जो वारदात के बाद से नहीं है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सारा घटनाक्रम लूट को अंजाम देने के लिए दिया होगा।

आसपास के क्षेत्र में पहले भी हो चुकी हैं लूट की वारदातें 
न्यू ऋषि नगर के आसपास पहले भी लूट की कुछ वारदातें हो चुकी हैं। छीनाझपटी की वारदात को नशे की जरूरत पूरी करने के लिए कर रहे हैं। गत 5 दिसम्बर की रात्रि को क्षेत्र में ही रहने वाले विवेक के साथ उस समय वारदात हो गई थी जब वह गोल-गप्पे की रेहड़ी लेकर घर की तरफ जा रहा था। आरोपी क्षेत्रवासी अजय और दीपक ने विवेक की मारपिटाई कर उससे 1100 रुपए की नकदी छीनी ली थी। इसके अलावा दिनेश नामक युवक से छीनाझपटी की घटना हो चुकी है।

मोबाइल से लोकेशन जुटा रही पुलिस
फिलहाल पुलिस मृतक के मोबाइल फोन के बारे में जानकारी जुटा रही है। बस स्टैंड पुलिस इंचार्ज अजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पुत्र परमजीत सिंह की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

रातभर नहीं जागी इंसानियत 
सूबे सिंह पर बीती रात्रि करीब साढ़े 10 बजे हमला हुआ था। वह रात भर घटनास्थल पर पड़ा रहा लेकिन किसी ने भी उसे उठाकर अस्पताल ले जाने की हिम्मत नहीं जुटाई। सुबह क्षेत्रवासियों ने पुलिस को सूचना दी। वहीं रात भर से घर नहीं पहुंचे सूबे सिंह की तलाश परिजनों ने भी की लेकिन पता नहीं चल पाया।