बर्ड फ्लू का आतंक : पक्षियों के हर 15 दिन बाद लिए जाएंगे सैंपल

11/8/2016 3:38:00 PM

हिसार: ब्लू बर्ड झील में आप्रेशन कल्याण के बाद अब वहां पर सन्नाटा पसरा हुआ है। पशुपालन विभाग की टीमों ने झील के आसपास सफाई अभियान कर दवा का छिड़काव किया। साथ ही सरकारी हैचरी में सफाई कर दवाई का छिड़काव किया गया। वहां पर नजर रखने के लिए पशुपालन विभाग की एक टीम तैनात कर दी गई है। यह टीम अब हर 15-15 दिन झील के एक कि.मी. के दायरे में पक्षियों के सैंपल लेगी। 


उल्लेखनीय है कि ब्लू बर्ड झील सहित सरकारी हैचरी में 940 पक्षियों के मारने पर खत्म हुए ऑप्रेशन के बाद अब 19 नवम्बर को 10 कि.मी. के दायरे में पक्षियों के सैंपल लिए जाएंगे। इन सैंपलों को जांच के लिए भोपाल भेजा जाएगा। आज पशुपालन विभाग की सफाई वायरस समाप्ति का अभियान जारी रहा। इस अभियान में शामिल कर्मचारियों ने झील और सरकारी हैचरी में आज सफाई की। उसके बाद दोनों जगहों पर दवा का छिड़काव किया गया।

 
पशुपालन विभाग के अधिकारी डा. रविन्द्र हुड्डा ने बताया कि एक कि.मी. के दायरे में किलिंग ऑप्रेशन समाप्त हो चुका है और इस दायरे में कोई भी बत्तख मुर्गी जीवित नहीं है। रिपोर्ट सरकार को भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि अब 19 नवम्बर को आसपास के पक्षियों के सैंपल लिए जाएंगे। ये सैंपल हर 15 दिन बाद लिए जाएंगे। यह सिलसिला 3 महीनों तक चलेगा। ब्लू बर्ड झील में लाल दवा भी डाली गई ताकि पानी में अगर किसी तरह की बीमारी पनपती है तो वह समाप्त हो जाए। उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग को केन्द्र सरकार की गाइड लाइन अनुसार कार्य करने को कहा गया है।