हिसार ब्लाइंड मर्डर केस की सुलझी गुत्थी, पुलिस ने आरोपी को काबू कर अदालत में किया पेश

punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 08:52 AM (IST)

हिसार (विनोद सैनी) : हिसार जीआरपी पुलिस ने आदमपुर रेलवे स्टेशन पर हुए ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, जहां पूछताछ में हत्या के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।

पेशे से पेंटर था मृतक

दरअसल 29 अप्रैल की सुबह आदमपुर रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। जांच में मृतक की पहचान इंदिरा कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय प्रदीप के रूप में हुई, जो पेशे से पेंटर था। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रदीप की सिर में ईंट मारकर हत्या की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजकीय रेलवे पुलिस के डीएसपी कृष्ण कुमार और पुलिस विभाग के डीएसपी किशोरी लाल मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। ब्लाइंड मर्डर होने के कारण यह केस जीआरपी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।

पुलिस आरोपी तक पहुंचने में रही सफल

जीआरपी थाना पुलिस ने श्याम सिंह के नेतृत्व में तीन टीमें गठित कीं। टीमों ने आदमपुर रेलवे स्टेशन और आसपास लगे 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। वीरवार रात जीआरपी टीम ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी भजनलाल को आदमपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि हत्या के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जा सके। पुलिस के अनुसार मृतक प्रदीप के दो बच्चे हैं और उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का कहना है कि उन्हें पुलिस पूछताछ के बाद ही हत्या की असली वजह का पता चल पाएगा।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)        

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static