गर्मी में देश के चौथे स्थान पर हरियाणा का हिसार, 42.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा पारा

5/28/2021 1:56:56 PM

हिसार: गर्मी का प्रकोप धीरे -धीरे बढ़ना शुरू हो गया है।  हालत ऐसी है कि देश के सबसे गर्म चार शहरों में चौथा स्थान हरियाणा के हिसार का है। यहां दिन का तापमान वीरवार को 42.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जबकि प्रदेश के दूसरे शहरों का तापमान हिसार के आसपास भी नहीं है।  मौसम विज्ञानियों की मानें तो 29 तक इसी प्रकार से तापमान में बढ़ोतरी संभावित है।  राज्य में 23 मई से ही मौसम खुश्क और गर्म रहा है। हल्की गति से पश्चिमी हवा चलने से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हुई। इसलिए सामान्य से दो डिग्री अधिक तापमान दर्ज हुआ।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि राज्य में 29 मई तक मौसम आमतौर पर खुश्क व गर्म रहने व तापमान में बढोतरी होने की संभावना है। मगर बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोन 'यास' जो 26 मई को उड़ीसा के तटों पर लेंडफाल होकर अब कमजोर हुआ है व डिप्रेशन बन गया है। उस के आंशिक प्रभाव से नमी वाली हवा बिहार उत्तरप्रदेश होते हुए हरियाणा तक 30 मई तक पहुंचने की संभावना है जिससे राज्य में 30 मई रात्रि को मौसम में बदलाव होने की संभावना है।

इसके साथ एक पश्चिमी विक्षोभ जो अब पाकिस्तान में है उसके आंशिक प्रभाव से राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना से राज्य में 30 मई देर रात्रि से दो जून के बीच-बीच में आंशिक बादल, गरज चमक व हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश भी संभावित है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।

Content Writer

Isha