मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा का ऐतिहासिक विकास हुआ : मूलचंद शर्मा

9/1/2021 5:56:24 PM

चंडीगढ़( चंद्रशेखर धरणी): माइनिंग से प्रदेश के रेवेन्यू को कैसे बढ़ाया जाए ?माइनिंग की कितनी और ऑक्शन की जाने की संभावनाएं हैं ? इस प्रकार के कई पहलुओं को लेकर आज प्रदेश के खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया। जिसमें माइनिंग को दुरुस्त करने को लेकर कई प्रकार के विषयों पर चर्चा हुई। जिसमें शर्मा ने बताया कि इस साल माइनिंग पिछले साल के बराबर है। लेकिन हम प्रदेश के रेवेन्यू में और बढ़ोतरी करने की तरफ कदम बढ़ा रहे हैं।

खनन एवं परिवहन मंत्री ने बताया कि प्रदेश को जल्द ही 800 नई बसें मिलने जा रही हैं।जिसमें से विभाग के पास 400 बसों की चेसीज आ चुकी हैं और बॉडी बननी शुरू हो चुकी हैं। बाकि चार सौ बसें भी जल्द आ जाएंगी। इन बसों के बेड़े में शामिल होने के बाद किसी भी प्रकार की कमी बसों की नहीं रहेगी। प्रदेश की जनता को हरियाणा राज्य परिवहन विभाग बेहतर सुविधाएं दे सकेगा। उन्होंने बताया कि अभी बसों का किराया बढ़ाने जैसा कोई भी विचार नहीं है।

मूलचंद शर्मा ने राजनीतिक चर्चा करते हुए बताया कि चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा नेता प्रतिपक्ष है और प्रदेश सरकार के 2500 दिन पूरे होने पर लेखा जोखा पेश किया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा का ऐतिहासिक विकास हुआ है जो कि कल्पनाओं से भी बहुत अधिक है। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा विपक्ष की भूमिका में हैं। ऐसे में वह हरियाणा सरकार का बखान कैसे कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आए दिन आंदोलनरत तथाकथित किसानों को उकसाने में लगी है। हाल ही में करनाल में हुए लाठीचार्ज पर भी तरह तरह की टिप्पणियां आ रही है।

अगर उन लोगों के साथ कांग्रेस को ज्यादा हमदर्दी है तो उन्हें जाकर समझाएं। किसी का अधिकार छीनना ठीक नहीं है। हर व्यक्ति अपना आंदोलन कर सकता है। झंडा दिखाना, विरोध करना एक अलग बात है। लेकिन किसी के कार्यक्रम में - मीटिंग में विद्रोह करना, हा- हुल्ला करना ठीक नहीं है। आज किसान अपने खेत खलियान में है। अपने काम में व्यस्त है और पंजाब के मुख्यमंत्री का भी इस मुद्दे पर ब्यान आया है। मैं पूछता हूं कि पंजाब के इन लोगों को हरियाणा में क्यों भेजा गया ? इन्हें अपने पास ही रखते और पंजाब में प्रदर्शन करवाते। 

Content Writer

Isha