पुलिस ने डेढ़ करोड़ की हैरोइन सहित 2 तस्कर पकड़े(VIDEO)

8/28/2018 3:36:19 PM

सोनीपत: सोनीपत एस.टी.एफ. ने दिल्ली से हैरोइन खरीदकर सोनीपत में बेचने आ रहे 2 आरोपियों को धर दबोचा है। एस.टी.एफ. इंचार्ज डी.एस.पी. राहुल देव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी 2 व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर गोहाना के जींद मार्ग से गुजरने वाले हैं। इस पर पुलिस ने नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। कुछ ही देर में 2 व्यक्ति एक बाइक पर आते हुए दिखाई दिए। बाइक सवारों ने अपनी पहचान राजेंद्र व साहब सिंह निवासी नरवाना, जींद के रूप में दी। 

तलाशी के दौरान आरोपी राजेंद्र के कब्जे से करीब 390 ग्राम व साहब सिंह के कब्जे से 100 ग्राम हेराइन बरामद की। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे दिल्ली के निजामुद्दीन में रह रहे अपने एक साथी से हैरोइन खरीदकर सोनीपत, गोहाना, जींद, नरवाना, पातड़ा व खन्नौरी आदि क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। बरामद हैरोइन की कीमत बाजार में करीब डेढ़ करोड़ रुपए आंकी गई है। नशा तस्करों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। आरोपी राजेंद्र पर पहले भी एन.डी.पी.एस. एक्ट के 3 मुकद्दमे दर्ज है। 
 

Rakhi Yadav