गृह सचिव का घेराव करने जा रहे होमगार्ड जवानों को पुलिस ने पीटा, कई घायल

4/28/2018 9:02:57 AM

चंडीगढ़(ब्यूरो): नेशनल होमगार्ड एसोसिएशन हरियाणा के सैंकड़ों जवानों ने हाथों में तिरंगा लेकर अपनी मांगों के समर्थन में सैक्टर-26/ 28 की लाइट से रैली निकाली। वे गृह सचिव हरियाणा के आवास का घेराव करने की कोशिश करते हुए चंडीगढ़ पुलिस से उलझ गए। पुलिस ने होमगार्ड जवानों को बमुश्किल नियंत्रण में किया। उन पर लाठियां बरसाईं, जिसमें दर्जनभर जवानों के घायल हो गए। होमगार्ड जवानों को गिरफ्तार कर वाहनों में भरकर अलग-अलग थानों में ले जाया गया। देर शाम सभी को कानूनी कार्रवाई पूरी कर रिहा किया गया।

होमगार्ड जवान सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को लागू करने की मांग कर रहे थे। एसोसिएशन के राष्ट्रीय चेयरमैन अविनाश शर्मा ने बताया कि 2015 में सर्वोच्च न्यायालय से आए आदेश समान कार्य-समान वेतन को देश के विभिन्न प्रदेशों में चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल व अन्य प्रदेशों में लागू कर दिया लेकिन हरियाणा सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को कूड़े में डाल दिया। 

3 अप्रैल से जवान रैली मैदान में धरने पर हैं लेकिन सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंग रही। हम गृह सचिव को मांग पत्र देकर गुहार लगाने वाले थे लेकिन उससे पहले ही उनकी आवाज को रौंद दिया गया। संगठन के महामंत्री कमल किशोर शर्मा ने कहा कि उन पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए। जिन्होंने लाठीचार्ज करते हुए तिरंगे का अपमान किया।

Rakhi Yadav