हनीट्रैप मामले में थाने से फरार महिला चढ़ी पुलिस के हत्थे

5/30/2018 3:15:58 PM

फतेहाबाद(रमेश भट्ट):  हनीट्रैप के मामले में पुलिस कस्टडी से फरार हुई महिला रेखा रानी को पुलिस ने बीती रात फतेहाबाद के गांव दरियापुर के बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया है। महिला थाना एसएचओ बिमला देवी ने बताया कि पुलिस की चार टीमें फरार आरोपी महिला की तलाश में जुटी थी। वह अपने एक साथी की मदद से भागने की फिराक में थी और इसी दौरान पुलिस टीम ने उसे बस में चढ़ते हुए गिरफ्तार कर लिया। 

एसएचओ बिमला देवी ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ जिला पुलिस के उच्च अधिकारियों को शिकायत मिली थी कि महिला अपने गिरोह के लोगों के साथ मिलकर लोगों को छेड़छाड़ और बलात्कार के झूठे केसों में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करती थी। शिकायत वापस लेने की एवज में ब्लैकमेलिंग कर रुपये ऐंठती थी। आरोपी महिला को पुलिस टीम ने सोमवार को 10 हजार रुपये की राशि के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। 

महिला थाना एसएचओ ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ रतिया शहर के रहने वाले एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी।  उक्त महिला ने उसे छेड़छाड़ के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की डिमांड रखी थी। इसके बाद महिला को 10 हजार रुपये दिए गए और पुलिस टीम ने महिला को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया था। महिला को गिरफ्तार कर फतेहाबाद के महिला थाना में लाया गया। जहां से वह बाथरूम के बहाने पुलिस को चकमा देकर भाग निकली। 

महिला के थाने से फरार होने के बाद जिला पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में 3 पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।   पुलिस ने आरोपी महिला के साथ उसे फरार करने में मदद करने वाले उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है और दोनों से पूछताछ की जा रही है।
  


 

Rakhi Yadav