कैथल में सामने आया हनीट्रैप का मामला, घिनौने काम के लिए छोटी बच्ची का करते थे इस्तेमाल

5/28/2022 6:28:52 PM

कैथल(जयपाल): हरियाणा के कैथल में हनीट्रैप में फंसाकर पैसे ऐंठने वाली 4 महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता को बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 4 लाख रुपए की डिमांड की थी। पुलिस ने आरोपी महिला को पीड़ित से 50 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।

छोटी बच्ची के रेप केस में फंसाने की धमकी देकर ऐंठे पैसे

जांच अधिकारी सुनीता देवी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने उन्हें बताया था कि करीब 6 महीने पहले उसकी जान पहचान गांव सीवन निवासी एक महिला के साथ हुई थी। दोनो की मोबाईल पर बात भी होने लगी। एक दिन उक्त महिला ने उसे किसी जरुरी काम से अपने घर सीवन बुलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। घर की मजबूरी बता कर महिला ने कई बार उससे पैसे भी लिए। बीती 24 मई को आरोपी महिला ने उसे अपने रिश्तेदार के घर बुलाया जहां पहले से ही 1 छोटी बच्ची और अन्य दो महिलाएं भी मौजूद थी। एक युवक को बुलाकर उन्होंने पीड़ित युवक के साथ मारपीट कर बच्ची के साथ बलात्कार करने के केस में फंसाने का डर दिखाया। उन्होंने जबरन छोटी लडकी के साथ युवक के फोटो भी खिंचे। उसके बाद आरोपियों ने उससे 4 लाख रुपए की मांग करते हुए बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

50 हजार रूपए लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार हुई महिला

इसके बाद आरोपियों ने 26 मई को फोन कर रुपए देने की मांग डिमांड की। उस दिन उसने महिला को 20 हजार रुपए दिए। इसके बाद अगली किश्त के तौर पर आरोपी 1 लाख रूपए की मांग कर रहे थे। युवक ने इसकी शिकायत पुलिस में दी, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्परता से कार्रवाई करते हुए एसआई सुनीता देवी द्वारा एक टीम तैयार की गई। योजना अनुसार 50 हजार रुपए देने के लिए आरोपी महिला को एक जगह बुलाया गया, जहां पुलिस ने महिला को रंगे हाथ पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी सीमा ने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के भी नाम बताए, जिसके बाद आज गिरोह के अन्य 3 सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पैसों की बरामदगी व व्यापक पूछताछ के लिए सभी महिला आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस, आरोपी महिलाओं द्वारा की गई अन्य वारदातों का भी पता लगाएगी।

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Vivek Rai