बरोदा उपचुनाव: हुड्डा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को फिर दी चुनौती, बोले- मेरे सामने...

9/30/2020 11:12:56 PM

दिल्ली (कमल कांसल): सोनीपत लोकसभा के बरोदा विधानसभा में होने वाले उपचुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। उपचुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही राजनीतिक दल भी अब सक्रिय हो गए हैं। सभी दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। पार्टियों के नेताओं ने एक-दूसरे पर तीखे हमले बोलना शुरु कर दिए हैं। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक बार फिर से बरोदा उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल को चुनौती दे डाली है। 

हुड्डा ने कहा कि मैं गढ़ी सांपला से इस्तीफा दे दूंगा और मुख्यमंत्री करनाल से इस्तीफा देकर बरोदा में मेरे सामने चुनाव लड़े, जिसके बाद मुख्यमंत्री को अपनी लोकप्रियता का पता लग जाएगा। बता दें कि कुछ दिन पहले भी हुड्डा ने मुख्यमंत्री को चुनौती थी। उस दौरान नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा था कि चाहें तो मुख्यमंत्री खुद बरोदा से चुनाव मैदान में आएं, वे खुद उनके समक्ष चुनाव लड़ेंगे। हीं फैसला हो जाएगा। 

भाजपा-जजपा के लिए यहां चुनाव जीतना किसी चुनौती से कम नहीं है। कांग्रेस का गढ़ रही इस सीट पर कांटे की टक्कर होगी। 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने यहां से पहलवान योगेश्वर दत्त को चुनाव में उतारा था। श्रीकृष्ण हुड्डा ने योगेश्वर को महज 4840 वोट से हराया था। अब देखना यह भी खास रहेगा कि भाजपा और कांग्रेस किस उम्मीदवार को मैदान में उतारती है। जजपा पहले ही साफ कर चुकी है कि उपचुनाव में उनका भाजपा को पूरा समर्थन है, लेकिन उम्मीदवार भाजपा का होगा।

vinod kumar