हुड्डा व केजरीवाल के अपमानजनक रवैया को नहीं भूल पाएगा अनुसूचित जाति वर्ग: सूरजभान कटारिया

10/21/2022 1:19:43 PM

चंडीगढ़ (धरणी) : भारतीय जनता पार्टी के लिए मिशन 2024 बहुत बहुत सफल रहेगा, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में भारी बहुमत से भाजपा सरकार बनाने जा रही है, यह दावा सामाजिक न्याय मंत्रालय में भारत सरकार द्वारा बनाए गए सदस्य एवं एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सदस्य सूरजभान कटारिया ने किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जिस प्रकार से एक क्षेत्र और एक वर्ग की राजनीति की, अनुसूचित जाति सेे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर और कुमारी शैलजा के साथ जो किया, यह गरीब वर्ग जो हमेशा कांग्रेस का मुख्य वोट बैंक रहा, उसे बिखराकर इन्होंने सत्ता का दुरुपयोग किया, अब इनका पर्दाफाश हो चुका है।

वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अनुसूचित जाति के पूर्व सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री राजेंद्र पाल गौतम को जिस प्रकार से मंत्रिमंडल से बाहर करने का काम किया, इसे अनुचित समाज कभी नहीं भूल पाएगा। एक तरफ तो यह लोग बाबा साहेब आंबेडकर की फोटो लगाकर अनुसूचित जाति के वोट बैंक को आकर्षित करने का काम करते हैं, वहीं दूसरी तरफ इस प्रकार का व्यवहार बेहद अपमानजनक है। दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी अनुसूचित जाति के लोगों के कारण सत्ता में आई। लेकिन यह लोग गरीब विरोधी हैं। अब इन्हें अनुसूचित जाति को अपना वोट बैंक मानने की भूल छोड़ देनी चाहिए। अब आने वाला युग भारतीय जनता पार्टी का है।

सूरजभान कटारिया ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री ने सामाजिक समरसता की ओर बेहद ध्यान दिया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय मंत्री विजेंद्र कुमार के नेतृत्व में लगातार अनुसूचित जाति के परिवारों के बच्चों को समाज के बराबर खड़ा करने में एक अहम योगदान दे रहा है। जिसमें अनुसूचित जाति की बच्ची अगर सामान्य परिवार में जाती है या सामान्य परिवार की बच्ची अनुसूचित जाति के परिवार में जाती है तो उनकी फाउंडेशन के माध्यम से विभाग 3 लाख रुपए की राशि प्रोत्साहन के रूप में उस बच्चे को देती है ताकि बच्चों को सामाजिक समरसता  में आगे बढ़ाया जा सके। देश के प्रधानमंत्री लगातार सबका साथ- सबका विकास और सबके विश्वास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं ताकि कोई भी वर्ग छूट ना जाए। वह वचनबद्ध होकर लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सामाजिक संतुलन के उदाहरण बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर, संत रविदास, महात्मा बुध, ज्योतिबा फुले, संत कबीर जैसे संत महापुरुष जो हमारे आइडियल रहे, उनकी जन्म जयंतीयों के मौके पर हर राज्य में बड़े-बड़े आयोजन हो, इसके लिए फाउंडेशन के माध्यम से हर वर्ष एक करोड़ की राशि जारी की जाती है जो गैर सरकारी संस्थाओं -स्कूलों- कालेजों में ऐसे आयोजन हो, इसके लिए 2-2 लाख रुपए की राशि भी जारी करती है।

कटारिया ने भाजपा के सहयोगी दल जजपा के शाहबाद विधायक रामकरण काला को बेहद साधारण परिवार से बताते हुए कहा कि जितना विकास कार्य एक विधायक को सरकार से करवाना चाहिए, उतना वह नहीं करवा पाए। इसके लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि शाहबाद के विकास में जितनी तेज गति आनी चाहिए थी, वह नहीं आ पाई। प्रदेश के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरा प्रदेश तेज गति से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश भर में राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में अनेकों योजनाएं बनी है। जहां शाहबाद के इतिहास में पहले बहुत से विकास कार्य हुए हैं। 2024 में भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार बनेगी और इन विकास कार्यों में और तेजी लाए जाने का काम किया जाएगा।

बता दें कि सूरजभान कटारिया अनुसूचित जाति आरक्षित सीट शाहबाद मारकंडा विधानसभा क्षेत्र से पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं। हाल ही में जजपा से रामकरण काला यहां से विधायक हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के राजनीतिक सलाहकार कृष्ण बेदी यहां से 2014 में चुनाव जीतकर मंत्री बने थे और इससे पहले 2009 में कांग्रेस पार्टी से विधायक बने अनिल धंतोडी ने भाजपा ज्वाइन कर ली है यानि शाहबाद मारकंडा सीट से 2024 विधानसभा चुनावों में भाजपा को इन तीन बड़े चेहरों में से टिकट के लिए एक का चयन करना काफी मुश्किल साबित होगा। मिशन 2024 में कृष्ण बेदी- अनिल धंतोडी और सूरजभान कटारिया के बीच एक बेस्ट फ्रेंडली मैच दिखना तय है।

Content Writer

Manisha rana