हुड्डा व तंवर एक साथ करेंगे मीटिंग, चुनावों पर होगी चर्चा

7/5/2017 8:55:36 AM

चंडीगढ़ (बंसल):हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर एक साथ बैठक करेंगे और यह बैठक कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में 12 जुलाई को संगठनात्मक चुनावों पर चर्चा के लिए होगी। यहां बता दें पिछले दिनों संगठनात्मक चुनावों पर चर्चा के लिए कांग्रेस विधायकों एवं सांसदों की बैठक बुलाई गई थी और इसमें सदस्यता सूची को लेकर विवाद हो गया था। इसकी गूंज पार्टी हाईकमान तक पहुंची और सभी गुटों के सदस्यों को शामिल कर एक स्क्रीनिंग कमेटी बनाई गई ताकि विवादों को निपटाया जा सके। उस विवाद भरी बैठक के बाद यह दूसरी बैठक होगी जिसमें दोनों नेता एक साथ चर्चा करेंगे। बैठक में कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी भी शामिल होगी।

बैठक में पी.आर.ओ. प्रदीप कुमार जैन के अलावा पार्टी की केंद्रीय चुनाव कमेटी द्वारा नियुक्त किए गए 24 डी.आर.ओ. भी शामिल होंगे। इन डी.आर.ओ. को नियुक्ति पिछले दिनों की गई थी और डी.आर.ओ. प्राइमरी स्तर के चुनाव के लिए बी.आर.ओ. की नियुक्ति करेंगे। बैठक में प्राइमरी स्तर के चुनावों को लेकर चर्चा होगी। सूत्रों की मानें तो पार्टी इस कवायद में है प्राइमरी स्तर पर चुनाव सर्वसम्मति से करवा लिए जाए और बैठक में पी.आर.ओ. का पूरा प्रयास रहेगा कि सर्वसम्मति के लिए तीनों नेताओं की मोहर लगवा ली जाए। पार्टी हाईकमान ने हरियाणा में गुटबाजी को देखते हुए दूसरे राज्यों के नेताओं को डी.आर.ओ. नियुक्त किया गया है ताकि कोई भी गुट किसी भी तरह के पक्षपात की अंगुली न उठा सके।

नियुक्त किए गए डी.आर.ओ. की सूची
असित मिश्रा (अम्बाला सिटी), मिल्टन रशिद (अम्बाला कैंट, ग्रामीण), जनमीत डिसूजा (भिवानी शहरी व ग्रामीण), नीतिन बूरा (दादरी), वीरेंद्रा उपाध्याय (फतेहाबाद), प्रमोद दूबे (फरीदाबाद), गुरुरुद्रा कुमार (गुरुग्राम ग्रामीण व शहरी), लॢगड मजलूड (हिसार शहरी व ग्रामीण), बैजनाथ चंदकारा (जींद), चुरका मंगेश्वर (झज्जर), जगदीश मेहा (कैथल), पदमा मनहार (कुरुक्षेत्र), श्याम सुंदर सोनी (करनाल ग्रामीण व शहरी), रामदयाल उइके (महेंद्रगढ़), चुन्नी लाल साहू (मेवात), डा. शिवकुमार दहिया (पंचकूला), महेंद्र चंद्रकरा (पानीपत शहरी व ग्रामीण), विजय पांडेय (पलवल), नवाज खान (रोहतक शहरी व ग्रामीण), नाजीर अजहर (सिरसा), यू.डी. मिंज (सोनीपत शहरी व ग्रामीण), प्रेमसागर सिंह (यमुनानगर ग्रामीण व शहरी)।