उदयभान के गढ़ में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली, उमड़ा जन सैलाब; गरजे हुड्डा पिता-पुत्र

2/11/2024 6:16:05 PM

पलवल(दिनेश कुमार): हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने होडल में जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा की प्रदेश में आने वाला समय कांग्रेस का है। इस जन आक्रोश रैली की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने की, जबकि कार्यक्रम को राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मंत्री करन दलाल, नूंह के विधायक आफताब अहमद सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया।

सिर चढ़कर बोल रही महंगाई, हमारी सरकार दिलाएगी राहतः हुड्डा

होड़ल की अनाज मंडी में आयोजित जन आक्रोश रैली को सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तब प्रदेश में हर वर्ग खुशहाल था। लेकिन इस भाजपा के राज में प्रदेश बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई में नंबर एक पर है। युवा बेरोजगार घूम रहा है, महंगाई सिर चढ़कर बोल रही है। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय और प्रति व्यक्ति निवेश घटा है। प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा अबकी बार जब प्रदेश में हमारी सरकार होगी तब बुजुर्गो की पेंशन 6000 हजार रुपए की जाएगी, घरेलू गैस सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा, प्रदेश में खाली पड़े नौकरियों के 2 लाख रिक्त पदों को भरकर युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। किसानों की फसलें एमएसपी पर खरीदी जाएंगी और गरीबों को मुफ्त 100-100 गज के प्लॉट दिए जायेंगे। इसके अलावा भी हुड्डा ने अनेकों घोषणाएं मंच के माध्यम से की।

भाजपा को करेंगे यमुनापारः दीपेंद्र

वहीं राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने युवाओं को बेरोजगार कर दिया। 13 महीने किसान सड़कों पर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे, लेकिन एक भी भाजपाई ने किसानों को मांगों पर ध्यान नहीं दिया। किसानों के शव आंदोलन स्थलों से गए। खिलाड़ी बहनों को घसीटा गया। उन्होंने कहा कि इस सरकार में भर्ती घोटाले हुए, पेपर लीक हुए और भ्रष्टाचार हुआ। दीपेंद्र ने जजपा पर हमला बोलते हुए कहा की जो लोग भाजपा को यमुना पार करने की बात करते थे वो जनता के साथ विश्वासघात कर उन्हीं की झोली में बैठ गए। अबकी बार हम सब मिलकर भाजपा जजपा दोनो को गंगा पार करेंगे।

देश व प्रदेश की सरकार झूठ का पुलिंदा

रैली के आयोजक प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा की मोदी के वादे के अनुसार न तो कालाधन वापिस आया, न महंगाई कम हुई, न दो करोड़ युवाओं को प्रति वर्ष रोजगार इस सरकार ने दिया। खिलाड़ियों का शोषण करने वाले बृजभूषण शरण सिंह, और मंत्री संदीप सिंह जैसों पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। इस भाजपा की सरकार ने केवल अडानी और अंबानी को फायदा पहुंचाने का काम किया है। जनता से किया हुआ कोई वायदा पूरा नहीं किया। यह मौजूदा देश और प्रदेश की सरकार केवल झूठ का पुलिंदा है। 

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Saurabh Pal