हरियाणा में जमकर गरजे अमित शाह, बोले- प्रदेश में हुड्डा ने चलाई 3-D सरकार

10/27/2022 4:53:59 PM

फरीदाबाद: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित जन उत्थान रैली में प्रदेश की पूर्व सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा से लेकर ओपी चौटाला के कार्यकाल को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में मुख्यमंत्री सिर्फ अपने-अपने क्षेत्र का विकास करने पर जोर देते थे। शाह ने कहा कि अब तक हरियाणा को सिर्फ सिरसा व रोहतक जिलों से मुख्यमंत्री मिले हैं। इन मुख्यमंत्रियों ने बाकी हरियाणा को नजरअंदाज करते हुए सिर्फ अपने इलाके का विकास कराया है। यही नहीं इस दौरान अमित शाह ने कहा कि 2005 में प्रदेश में भूपेंद्र सिंह हुड्डा की थ्री डी सरकार बनी थी। उन्होंने कहा कि सभी ने थ्री डी फिल्म तो जरूर देखी होगी, लेकिन थ्री डी सरकार बनाने का कमाल हुड्डा जी ने किया है। इसमें दरबारी थे, दामाद थे और डीलर थे। भाजपा के नेतृत्व में विकास करने वाली सरकार बनी। मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा के हर जिले और हर गांव में एक समान विकास हुआ है।

 

मोदी-मनोहर की जोड़ी को बताया नंबर वन, हरियाणा के हर कोने में हुआ विकास

 

शाह ने कहा कि मनोहर लाल ने सभी वर्गों व पूरे हरियाणा की चिंता की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पचास सालों की सरकार एक तरफ है और आठ साल की मनोहर सरकार एक तरफ। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल ने हरियाणा में भाई भतीजावाद को खत्म किया है, क्षेत्रवाद खत्म किया है। यही नहीं मनोहर लाल ने भ्रष्टाचार का काल बनकर बिन पर्ची-बिन खर्ची को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की तरह सीएम खट्टर ने भी हरियाणा के लोगों के हितों को ध्यान में रखकर काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी और मनोहर लाल की जोड़ी ने हरियाणा को नंबर वन बना दिया है। मोदी का लगाव हरियाणा से है। मोदी ने यहां संगठन का काम किया है। हरियाणा की कोई भी योजना उनकी टेबल पर जाती है, वह तुरंत स्वीकृत हो जाती है। प्रधानमंत्री हरियाणा के विकास के लिए कटिबद्ध हैं।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan