कैप्टन अजय यादव के बयान पर हुड्डा का पलटवार

4/18/2017 10:20:40 AM

रोहतक:पूर्व सी.एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा विधायकों की नाराजगी पर प्रतिक्रिया दी कि विधायक, मुख्यमंत्री से नाराज हैं, मुख्यमंत्री विधायकों से और जनता पूरे मंत्रिमंडल से नाराज है। हाल ही में गुरुग्राम से भाजपा विधायक उमेश अग्रवाल की सी.एम. मनोहर लाल से नाराजगी खुलकर सामने आई है। हुड्डा सोमवार को अपने निवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।

उन्होंने कैप्टन यादव के एक दिन पहले रोहतक में दिए गए बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कैप्टन साहब महान हैं। कभी खुश होते हैं, कभी नाराज। वे कैप्टन की बातों को गंभीरता से नहीं लेते। कै. यादव के सी.एल.यू. संबंधी बयान पर उन्होंने कहा कि कैप्टन के पास सी.एल.यू. का पैसा होगा, उनके पास नहीं है। 

कै. यादव के रोहतक लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की इच्छा पर हुड्डा ने कहा कि लोकतंत्र में कोई कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है। रविवार को पूर्व मंत्री कै. अजय ने रोहतक में कांग्रेस भवन में अपने समर्थकों का सम्मेलन बुलाया था और इस दौरान रोहतक लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी। वहीं उन्होंने सी.एल.यू. को लेकर पूर्व सी.एम. हुड्डा पर बिना नाम लिए निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि अगर उनके पास सी.एल.यू. का पैसा होता तो वे भी सी.एम. बन जाते। इसके अलावा हुड्डा ने कांग्रेस पार्टी में किसी भी प्रकार की गुटबाजी से इंकार किया, वहीं कै. अजय ने कांग्रेस में गुटबाजी की बात मानी थी।