कांग्रेस में खत्म हो गया है हुड्डा का अस्तित्व : धनखड़

10/25/2020 8:37:13 AM

गोहाना (अरोड़ा) : कांग्रेस हाईकमान द्वारा जारी कोई भी लिस्ट आप उठाकर देख लो, किसी में भी आपको हुड्डा का नाम नहीं मिलेगा। हुड्डा का अब कांग्रेस में अस्तित्व खत्म हो गया है। उन्हें अब कांग्रेस में कोई नहीं पूछता। शनिवार को यह टिप्पणी भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने की। वह मदीना गांव में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विकास केवल भाजपा करवा सकती है, हुड्डा केवल वाणी सेवा कर सकते हैं।

धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस ने अपने चुनाव घोषणापत्र में कृषि अधिनियमों में बदलाव का वायदा किया था। अब हम सुधार कर रहे हैं तो विरोध किया जा रहा है। कांग्रेस कर देती तो ठीक था, हम कर रहे हैं तो भला गलत कैसे हो गया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की फितरत किसानों को पीछे रखने की रही है। वह उनको समृद्ध व खुशहाल होते देख ही नहीं सकती। 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने केवल किसानों की आंखों में धूल झोंकी है तथा उन्हें बरगला कर उनके वोट हासिल किए हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब पहली राह खुली रहते दूसरी राह खुली है, तब कृषि कानून किसान विरोधी कैसे हो सकते हैं।  

मौजूदा राज ऐसे लोगों के हाथों में जो केवल लूटना जानते हैं : चौटाला
पांडवों ने 12 साल और भगवान राम ने 14 साल का वनवास भोगा। हमें सत्ता से बाहर हुए तो 15 साल हो गए हैं। शनिवार को यह टिप्पणी इंडियन नैशनल लोकदल के सुप्रीमो और पूर्व सी.एम. ओम प्रकाश चौटाला ने की। उन्होंने कहा कि मौजूदा राज ऐसे लोगों के हाथों में है जो केवल एक ही काम जानते हैं, वह काम है जनता को दोनों हाथों से लूटना व अपने घर भरना।

चौटाला ने  स्मरण करवाया कि जब वह सी.एम. थे, लोगों को चक्कर नहीं काटने पड़ते थे। इनैलो सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि मंदिर-मस्जिद-गुरुद्वारे से कोरोना काल में आई सहायता को पहले सरकार ने अपने खातों में और फिर सरकारी खजाने से अपनी जेबों में डाल लिया। पैसा आप लोगों का था, लूट इन्होंने लिया। ये पहले लूटते हैं, फिर लूटे पैसे से आप पर राज करते हैं। 

कैप्टन अभिमन्यु ने हुड्डा को विधानसभा में बहस करने की दी चुनौती
मैं हुड्डा साहब से कई बार गुजारिश कर चुका हूं कि वह अपने आंकड़े दुरुस्त कर लें। वह भाजपा राज में कर्ज बढऩे को लेकर फर्जी आंकड़े पेश करते रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर बेहतर तो यह होगा कि हुड्डा साहब सरकार से विधानसभा में खुली बहस कर लें। यह चुनौती शनिवार को पूर्व वित्त मंत्री नेता कैप्टन अभिमन्यु ने दी। वह बरोदा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कटाक्ष किया कि नाक की लड़ाई और चौधर की बात करने वालों का खेल वोट डाले जाने के साथ खत्म हो जाता है। विभिन्न चर्चाओं पर टिप्पणी करते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि वह कभी भी किसी पद की मांग नहीं करते। इस साल के अब तक के करीब 10 महीने में वह केवल 2 बार केन्द्रीय कार्यालय में गए,उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के किसी भी नेता से मिलना तो दूर,कभी भी किसी को भी फोन तक नहीं किया।

Manisha rana