इनेलो-कांग्रेस गठबंधन को लेकर हुड्डा ने किया इशारा, कहा कांग्रेस स्वयं चुनाव लड़ने में सक्षम

5/18/2023 10:40:48 AM

सिरसा (सतनाम सिंह) : नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के जनसंवाद कार्यक्रम को चुनावी संवाद और स्वयं संवाद की संज्ञा देते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला है। इंडियन नेशनल लोकदल और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं के सवाल के जवाब में हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस चुनाव लड़ने में सक्षम है, राजनीति में इस तरीके की चर्चाएं अक्सर चलती रहती हैं। पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा बुधवार को सिरसा में पहुंचे थे। सिरसा के विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के भाई महान कांडा के निधन पर उन्होंने शोक जताया और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की।

पत्रकारों से बातचीत में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 9 साल के बाद मुख्यमंत्री जनता के बीच संवाद करने जा रहे हैं, यह जनसंवाद कार्यक्रम न होकर चुनाव संवाद कार्यक्रम बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लाठी और गोली से सरकारी नहीं चला करती। जनता अब जागरुक हो चुकी है। प्रत्येक वर्ग इस सरकार से पूरी तरह से हताश और मायूस है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की ओर से चलाई जा रही हाथ से हाथ जोड़ यात्रा को लेकर कहा पूरे प्रदेश में इस यात्रा को भारी जनसमर्थन मिल रहा है। हाल में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिले प्रचंड बहुमत के संदर्भ में किए गए सवाल के जवाब में हुड्डा ने कहा कि कर्नाटक के चुनावी नतीजों से साफ हो गया है कि कांग्रेस अब सत्ता में वापसी करने जा रही है। हुड्डा ने यह भी कहा कि कर्नाटक की जीत पूरे देश में ट्रेड सेंटर के रूप में देखी जा रही है। 

कांग्रेस विधायक किरण चौधरी की ओर से इशारों ही इशारों में भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर बोले गए हमले के संबंध में किए गए सवाल के जवाब में हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस में सब कुछ ठीक चल रहा है और ऐसा कुछ भी नहीं है। हुड्डा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के जनसंवाद कार्यक्रम को सवालों के कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि यह कैसा जनसंवाद कार्यक्रम है जिसमें अपने ही लोगों को बोलने के लिए बुलाया जाता है। जनता को सवाल करने से मना किया जाता है। इस रवैया से जाहिर हो रहा है कि सत्ताविहीन होने के डर के चलते यह सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को भी कुचल रही है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

 

Content Writer

Saurabh Pal