हुड्डा समर्थक विधायकों ने गहलोत से की मुलाकात

7/19/2018 11:25:34 AM

चंडीगढ़(पांडेय): अगले वर्ष की चुनावी आहट को देखते हुए अब हरियाणा कांग्रेस में सियासी जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। इसी कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट ने भी पार्टी हाईकमान में अपनी दस्तक देनी शुरू कर दी है। बुधवार को हुड्डा के समर्थक विधायकों ने नई दिल्ली में पार्टी हाईकमान के पास दस्तक दी। लगभग आधा दर्जन विधायक कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत से मिले और ताजा राजनीतिक हालात से अवगत करवाया। गहलोत के साथ उनके कार्यालय में विधायकों की बैठक लगभग आधे घंटे तक चली। उन्होंने हरियाणा में कांग्रेस की मौजूदा हालात को सामने रखा। विधायकों ने एक बार फिर से हुड्डा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग उठाई। इसके साथ ही बताया कि पूर्व सी.एम. पार्टी को दोबारा सत्ता में लाने के लिए जनक्रांति यात्रा शुरू किए हुए हैं। इसके जरिए भूपेंद्र व दीपेंद्र हुड्डा लोगों को पार्टी के साथ जोड़ रहे हैं।
 

सूत्रों के अनुसार विधायकों ने प्रदेश कांग्रेस के कुछ नेताओं की गहलोत से शिकायत भी की है। उन्होंने बताया है कि कुछ कांग्रेस नेता पार्टी को कमजोर करने में लगे हुए हैं। विधायकों ने साफ कर दिया कि हुड्डा ही पार्टी को हरियाणा में स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता में ला सकते हैं। इसलिए उन्हें बिना देरी किए पार्टी अध्यक्ष बना देना चाहिए। इस पर गहलोत ने कहा कि यह फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी करेंगे। उनकी बात को राहुल तक पहुंचा दिया जाएगा

हुड्डा समर्थक विधायकों ने प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिला और ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की जरूरत है। जिलाध्यक्षों व ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां जल्दी होनी चाहिए। कांग्रेस विधायकों ने पार्टी महासचिव को मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य से अवगत करवाते हुए यह कहा कि जिस तरह से पार्टी में कुछ लोग खुद को नेता मान रहे हैं यदि इस पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया तो स्थिति भयावह हो सकती है।
 

Deepak Paul