खौफनाक गैंगवार: युवक को बंधक बनाकर डंडों से तोड़े हाथ-पैर, इंस्टाग्राम पर दी अगली धमकी- "पोपल तेरा नंबर अगला"
punjabkesari.in Friday, Sep 11, 2026 - 02:43 PM (IST)
फतेहाबाद(रमेश): हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया में गैंगवार की रंजिश के चलते एक युवक को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने की रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। हमलावरों ने वारदात का खौफनाक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के बैकग्राउंड में प्रसिद्ध हरियाणवी सिंगर अमित सैनी रोहतकिया के गाने 'डैड' का ऑडियो लगाया गया है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पीड़ित युवक 'टुन्ना' को एक कमरे में बंद कर कई बदमाश ताबड़तोड़ लाठियों से पीट रहे हैं। युवक तड़पते हुए रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन हमलावर उसे घसीट-घसीट कर मारते रहे। बदमाशों ने पीड़ित से जबरन "मनीष शिकारी जिंदाबाद" के नारे लगवाए। युवक द्वारा अपनी गलती मानने और गिड़गिड़ाने के बाद उसे अधमरी हालत में छोड़कर बदमाश फरार हो गए।
सोशल मीडिया पर खुली धमकी
वारदात के बाद इंस्टाग्राम पर 'रतिया 307' नाम की आईडी से एक और वीडियो शेयर किया गया, जिसमें खुलेआम धमकी दी गई: "टुन्ना को पेल (पीट) दिया। पोपल तेरे को तो मारेंगे। जो भी सपोर्ट में आएगा या पता लेने जाएगा, उसको भी बख्शा नहीं जाएगा।
घटना का वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन में आया। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित टुन्ना के बयान दर्ज किए। डॉक्टरों के अनुसार, बर्बर पिटाई के कारण युवक के दोनों हाथों और दोनों पैरों की हड्डियां कई जगह से टूट चुकी हैं, जिन पर प्लास्टर चढ़ाया गया है। फतेहाबाद पुलिस पूरे मामले को गैंगवार और आपसी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।