हॉट सीट पर ‘हॉट’ रहेगा शुक्रवार

1/25/2019 10:19:10 AM

जींद (संजय अरोड़ा): हॉट सीट बनी जींद की चुनावी जंग जीतने के लिए सत्ताधारी भाजपा सहित सभी राजनीतिक दलों की ओर से पिछले करीब एक पखवाड़े से जनसम्पर्क अभियान व जलसों-सभाओं का सिलसिला जारी है। अब जबकि चुनाव अभियान अपने अंतिम चरण में है तो ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने-अपने तरीके से ताकत दिखाते हुए चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रहे हैं। 
शुक्रवार का दिन जींद के इस चुनावी मैदान में काफी महत्वपूर्ण होगा या यूं कहें कि हॉट सीट पर शुक्रवार का दिन काफी हॉट रह सकता है।

इस दिन दो बड़े राजनीतिक दलों की रैलियों व एक दल द्वारा किए जाने वाले पैदल मार्च के कारण पांडू पिंडारा की इस धरती पर काफी राजनीतिक गहमा-गहमी देखने को मिलेगी। मतदान 28 जनवरी को है और 26 जनवरी प्रचार का अंतिम दिन है। ऐसे में मतदान से ठीक 3 दिन पहले 25 जनवरी को सर्द मौसम में जींद सियासी गर्मी को समेटे नजर आएगा। गौरतलब है कि शुक्रवार को सत्ताधारी भाजपा व विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा बड़ी रैलियां की जा रही हैं और लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी द्वारा पूरे विधानसभा क्षेत्र में पैदल मार्च निकाला जाएगा, जिसके चलते जींद शहर में अलग ही चुनाव छटा देखने को मिल सकती है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा द्वारा नई सब्जी मंडी में रैली आयोजित की जा रही है जिसे मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, भाजपा के प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला सहित पार्टी के कई बड़े नेता व मंत्री संबोधित करेंगे। वहीं कांग्रेस द्वारा भी शुक्रवार को ही सैक्टर 9 में हैबतपुर रोड स्थित ग्राऊंड में रैली रखी गई है, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर, पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा, कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी, पूर्व मंत्री कैप्टन  अजय सिंह यादव, कुलदीप बिश्रोई सहित पार्टी के तमाम बड़े नेता संबोधित करेंगे।

वहीं लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी द्वारा एक पैदल मार्च किया जाएगा। अर्बन एस्टेट स्थित सैनी भवन से पार्टी के संरक्षक एवं सांसद राजकुमार सैनी के नेतृत्व में शुरू होकर पूरे शहर में पैदल मार्च किया जाएगा। इसी तरह से ऑटो रिक्शा काफिले के रूप में पार्टी नेताओं का जत्था गांवों में भी लोगों से संपर्क करेगा जबकि शेष अन्य 2 प्रमुख दलों इनैलो व ज.ज.पा. की ओर से रैली अथवा रोड शो जैसा कार्यक्रम अभी तक तय नहीं किया गया है और दोनों ही दलों द्वारा जनसंपर्क अभियान ही निरंतर जारी रहेगा। पर्यवेक्षकों की निगाहें खास तौर पर कांग्रेस व भाजपा द्वारा की जा रही रैलियों पर रहेंगी कि किस रैली में कितनी भीड़ जुटती है? और दोनों रैलियों में आने वाले बड़े नेता किन खास मुद्दों पर फोकस करते हुए उन्हें चुनावी मुद्दे के रूप में लोगों के समक्ष रखते हैं।

केजरीवाल की जनसभा कल
प्रचार के अंतिम दिन 26 जनवरी शनिवार को अरविंद केजरीवाल जजपा उम्मीदवार दिग्विजय सिंह चौटाला के प्रचार के लिए जींद आएंगे। ‘आप’ के अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने बताया कि सी.एम. केजरीवाल 26 जनवरी को दोपहर जींद जनसभा को संबोधित करेंगे।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए
उपचुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को जींद में होने वाली रैलियों व पैदल मार्च के कारण लोगों की काफी भीड़ जमा होने की संभावना के चलते पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस सिलसिले में जींद के पुलिस अधीक्षक अश्विन शैणवी ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। अतिरिक्त पुलिस बल जींद चुनाव को लेकर तैनात कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए 1 सी.आर.पी.एफ. एवं 1 आर.ए.एफ. की कंपनी के अलावा हरियाणा पुलिस के 3 हजार जवान तैनात किए गए हैं।

Deepak Paul