हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लगा समस्याओं का अंबार, नगर निगम नहीं ले रहा कोई सुध

2/11/2020 9:56:43 AM

फरीदाबाद (सुधीर राघव) : सेक्टर 21 डी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में समस्याओं का अंबार लगा है। मार्केट में वर्षों पहले बनी दुकानें अब तक आवंटित नहीं की गई। यहां लावारिस पशु घूमते है। लोगों की सुविधा के मार्केट परिसर में स्मार्ट शौचालय बनाए गए, मगर इन पर ताले लटके हुए है। इसके अलावा पुलिस चौकी रोड पर 100 मीटर सड़क का हिस्सा अभी भी अधूरा है।  इस कारण बरसात में सड़क पर पानी भर जाता है।

इन समस्याओं के लिए सेक्टरवासी कई बार नगर निगम अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं, मगर कोई सुनवाई नहीं होती है। सेक्टर-21 डी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में करीब 7 हजार परिवार निवास करते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि पेयजल सप्लाई व्यवस्था काफी अच्छी है। सबसे ज्यादा दिक्कत सफाई व्यवस्था की है। मार्केट में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे है। वर्षों पहले मार्केट में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से दुकाने बनाई गई थी ताकि लोगों को खरीदारी के लिए कहीं दूर नहीं जाना पड़ा, मगर दुकानों को अब तक अलॉट ही नहीं किया गया।

इस कारण दुकानों पर जर्जर हालत में है। लावारिस पशु इनमें घूमते रहते हैं। बिजली की समस्या भी काफी ज्यादा है। सेक्टर निवासी तेजवीर सिंह सेठी ने बताया कि सेक्टर में कई ट्रांसफार्मर ओवरलोडिट चल रहे हैं, जिससे फॉल्ट और ब्रेक डाउन की समस्या रहती है। वहीं आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान ने कहा कि सेक्टर की समस्याओं से कई बार एचएसवीपी, नगर निगम व स्थानीय विधायक सीमा त्रिखा को अवगत करवा चुके है। उन्हें केवल आश्वासन देकर वापस लौटा दिया जाता है। इसके बाद कार्रवाई कुछ होती नहीं है।

Isha