HSGMC ने जारी किया नानकशाही कैलेंडर, इस तारीख को पेश होगा बजट

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 12:29 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) की ओर से सोमवार को कुरुक्षेत्र स्थित कमेटी के हेड ऑफिस में नानकशाही कैलेंडर 2026-27 जारी किया गया। इस दौरान कमेटी के पदाधिकारियों और मेंबर्स ने कैलेंडर का विमोचन किया। कार्यक्रम के दौरान कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने 31 मार्च को कमेटी का बजट पेश करने की घोषणा भी की।

प्रधान झींडा ने बताया कि कमेटी का बजट हरियाणा की सिख संगत के लिए काफी अहम है। बजट में गुरुद्वारों के विकास, स्कूलों और शिक्षा से जुड़े कार्यों को ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि बजट पेश करने से पहले 26 और 27 मार्च को सभी मेंबर्स के साथ बैठक की जाएगी, जिसमें सुझाव और विचार-विमर्श के बाद अंतिम रूप से बजट तैयार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अगर किसी सदस्य को बजट को लेकर कोई सुझाव या आपत्ति है तो वह 30 मार्च तक कमेटी के सामने रख सकता है। इसके बाद 31 मार्च को आधिकारिक रूप से बजट पेश किया जाएगा। झींडा ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से भी मुलाकात की थी।

इस दौरान झींडा ने कहा कि कमेटी में टू-थर्ड (2/3) मेजोरिटी का नियम विकास कार्यों में बाधा बन रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब और दिल्ली की कमेटियों में इस तरह का नियम लागू नहीं है, जबकि हरियाणा में इसे लागू किया गया है। इसके कारण कई फैसले लेने में दिक्कत आती है और गुरुद्वारों के विकास कार्य प्रभावित होते हैं। इसलिए इस कानून में बदलाव की जरूरत है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस बार जारी किए गए नानकशाही कैलेंडर में किसी भी मेंबर की फोटो नहीं लगाई जाएगी। पहले कैलेंडर में मेंबर्स अपनी-अपनी तस्वीरें लगवाते थे, लेकिन अब इस परंपरा को बंद कर दिया गया है। कमेटी का कहना है कि कैलेंडर को धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए ही जारी किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static