HSSC विवादित प्रश्न: चेयरमैन भारती ने घटना पर जताया खेद

5/8/2018 2:15:19 PM

पंचकूला(धरणी): एच.एस.एस.सी. द्वारा आयोजित जे.ई. की परीक्षा में ब्राह्मण जाति को लेकर पूछे सवाल के मामले में एच.एस.एस.सी. के चेयरमैन भारत भूषण भारती ने खेद जताया है। उन्होंने कहा कि किसी समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं तो उसके लिए विभाग खेद व्यक्त करता है। भविष्य में ऐसी गलती नहीं की जाएगी। भारती ने कहा कि 18 अप्रैल को पेपर हुआ था और आंसर-की डालने के बाद उनके संज्ञान में यह मामला आया। उन्होंने तुरंत पेपर बनाने वाले चीफ एग्जामिनर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए लिखा है। दूसरी ओर, ब्राह्मण समाज के लोगों में आयोग के खिलाफ भारी रोष है।

‘परीक्षा में इस तरह के सवाल पूछना दुर्भाग्यपूर्ण’
इनेलो नेता आर.एस. चौधरी व प्रवक्ता प्रवीन अत्री ने कहा कि बहुत हुआ अपमान, अब बर्दाश्त नहीं होगा। परीक्षा में इस तरह के सवाल पूछना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में एच.एस.एस.सी. और विवादों का लम्बा नाता है। अत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री तुरंत एच.एस.एस.सी. के अध्यक्ष व सारी टीम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें।

ब्राह्मण आज तैयार करेंगे रणनीति
ब्राह्मण नेता जगदीप अत्री व अमित पंडित ने कहा कि 8 मई को सुबह 10 बजे पंचकूला डी.सी. ऑफिस में ब्राह्मण समाज के लोगों को पहुंचने का आह्वान किया है। इस दौरान हरियाणा स्टाफ सिलैक्शन कमीशन और सरकार के खिलाफ मुहिम छेडऩे की रणनीति तैयार की जाएगी।

Deepak Paul