कैथल में 50 हजार रिश्वत लेते HSVP क्लर्क गिरफ्तार, वीटा बूथ की परमिशन के लिए मांगे थे 60 हजार रूपए

punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 09:17 PM (IST)

कैथल (जयपाल): भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) फतेहाबाद की टीम ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) कार्यालय में छापेमारी कर एक कर्मचारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है। कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट गुरविंदर सिंह की मौजूदगी में की गई।

जानकारी के अनुसार चीका निवासी तिलक राम ने एसीबी को शिकायत दी थी कि वह वीटा बूथ की परमिशन प्राप्त करना चाहता था। आरोप है कि इस कार्य को करवाने के बदले एचएसवीपी कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी संजय कुमार ने उससे 60 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में दोनों के बीच 50 हजार रुपये में सौदा तय हो गया।

शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी विजिलेंस के सहयोगी रविंद्र जंगी को दी। इसके बाद एसीबी ने शिकायत की जांच शुरू की। जांच के दौरान शिकायतकर्ता और आरोपी के बीच हुई बातचीत की कई बार रिकॉर्डिंग करवाई गई। रिकॉर्डिंग में रिश्वत मांगने के आरोपों की पुष्टि होने पर एसीबी ने आरोपी को पकड़ने की योजना तैयार की।

योजना के तहत शिकायतकर्ता को 50 हजार रुपये देकर एचएसवीपी कार्यालय भेजा गया। जैसे ही आरोपी संजय कुमार ने रिश्वत की राशि प्राप्त की, पहले से निगरानी कर रही एसीबी फतेहाबाद की टीम ने कार्यालय में छापा मारकर उसे रंगे हाथ काबू कर लिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट इरिगेशन विभाग के कार्यकारी अधिकारी गुरविंदर सिंह की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की गई और रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।

एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं है।

एचएसवीपी कार्यालय में हुई इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया। एसीबी अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और रिश्वतखोरी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static