अब सोमवार से HSVP सेक्टरों में अतिक्रमण पर जेसीबी से मचेगा घमासान, 5 टीमें तैयार
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 05:23 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए अब हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने भी तैयारी शुरू कर दी है। प्राधिकरण की संपदा अधिकारी-2 अनुपमा मलिक ने आज पत्रकारवार्ता कर बताया कि सोमवार से विभाग की तरफ से अभियान चलाया जाएगा। 8 मई तक चलने वाले इस अभियान के लिए 5 टीमें गठित की गई हैं। वहीं, नगर निगम के अधिकारियों को भी पत्र लिखकर इस कार्रवाई में शामिल होने के लिए कहा गया है ताकि सेक्टरों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए व्यापक स्तर पर चलाए जा रहे इस अभियान में कोई रुकवाट न आए।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
अनुपमा मलिक ने बताया कि अप्रैल माह की शुरूआत में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने स्टिल्ट प्लस फोर को लेकर भी अपना निर्णय दे दिया है। ऐसे में अब इस दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी। जिन लोगों ने स्टिल्ट पार्किंग को बदलकर अपने दूसरे उपयोग में लेना शुरू कर दिया है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ओसी लेने के बाद भी अपने घरों में बदलाव करने वालों के खिलाफ भी यह अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिला प्रशासन से ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने और पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की गई है। आदेश में साफ कहा गया है कि मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 70 पुरुष और 30 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। यह कार्रवाई 27 अप्रैल से 8 मई के बीच विभिन्न सेक्टरों में चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। अनुपमा मलिक ने बताया कि उनके क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-24 से 115 तक आते हैं। ऐसे में इन सभी सेक्टरों में यह कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान लोगों द्वारा अपने मकानों के बाहर ग्रीन बेल्ट के नाम पर किए गए अवैध अतिक्रमण व अन्य अतिक्रमणों को हटाया जाएगा। इसके अलावा सेक्टरों में अवैध रूप से लगे गेट को भी धराशाही किया जाएगा। इस अभियान में पुलिस, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और HSVP के अधिकारी मिलकर काम करेंगे। जरूरत पड़ने पर एम्बुलेंस और फायर टेंडर भी मौके पर मौजूद रहेंगे।