लड़कियों को अगवा कर लाखों में बेचने वाले मानव तस्करों का भंडाफोड़ (VIDEO)

3/16/2018 6:49:45 PM

भिवानी(अशोक भारद्वाज): सिटी थाना पुलिस ने मानव तस्करी मामले में एक ओर कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली निवासी दो लोगों को गिरफ्तार किया है, ये लोग रेलवे स्टेशन पर लड़कियों को अकेली पाकर अगवा कर लेते थे और उन्हें शादि के नाम पर लाखों रुपये में बार-बार बेच रहे थे।

मानव तस्करी के इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पीपली वाली जोहड़ी निवासी एक युवक ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी मामी अन्नु कुछ लड़कियों को अपने घर में छुपाए हुए है और उन्हें शादी के नाम पर बेचने की फिराक में है।



पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कार्रवाई करते हुए सिटी थाना प्रभारी श्री भगवान ने अपनी टीम के साथ छापेमारी कर तीन लड़कियों को बरामद किया, जिन्हें बेचे जाना था। मानव तस्करी के इस मामले में सिटी थाना पुलिस ने पर्चा दर्ज कर जांच शुरु की।

जांच के दौरान पुलिस ने तस्करी के मुख्य आरोपी संजय व अन्नू को अगले ही दिन गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। इन आरोपियों से पुछताछ के दौरान तस्करी मामले में कई नाम जुड़े मिले। पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ाई और मामले में संलिप्त लोगों के ठिकानों पर दबिश दी। जिसके बाद दिल्ली निवासी राजू व राज उर्फ मीरधा को गिरफ्तार किया।



सिटी थाना प्रभारी श्री भगवान ने बताया कि शहर में मानव तस्करी का गोरख धंधा चल रहा था। जिसकी सूचना पाकर इस गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया और मामले की मुख्य आरोपी संजय व अन्नु को गिरफ्तार किया था। उन्होने बताया कि आज दिल्ली निवासी राजू व राज को गिरफ्तार किया है।

 थाना प्रभारी ने बताया कि ये लोग गिरोह बना कर बिहार, यूपी व झारखंड राज्यों से रेलवे स्टेशन पर अकेली लड़कियों को अगवा करते थे। फिर गाजियाबाद स्थित किराए के मकान पर लाकर अलग-अलग जगह शादी के बहाने कई-कई बार एक से डेढ़ लाख रुपये में बेचते थे। भिवानी में ये लोग 10 से 12 लड़कियों को बेच चुके हैं और एक लड़की को तीन बार बेचा जा चुका है।

Punjab Kesari