मानवता शर्मसार : गड्ढे में मिला नवजात, परिजनों की तलाश जारी

10/5/2020 2:24:10 PM

रोहतक : पी.जी.आई.एम.एस. से रविवार को मानवता शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। जहां मां-बाप ने मानवता की सारी हदों को पार करते हुए अपने नवजात बच्चे को गड्ढे में फैंक दिया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सुरक्षा कर्मचारियों ने बच्चे को संभालते हुए उसे न्यूनोटोलॉजी विभाग के चिकित्सकों की देखरेख में वार्ड में भर्ती किया है।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार तड़के करीब 5 बजे पी.जी.आई.एम.एस. के सैंट्रल स्टोर के पास स्थित बूस्टर प्लांट के पास एक नवजात बच्चे के रोने की आवाज आई। सुरक्षा कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पास ही खोदे गए एक गड्ढे में नवजात बच्चा पड़ा हुआ था। बच्चे के हाथ में कैनुला समेत अन्य मैडिकल उपकरण लगे हुए थे। जिस पर बेबी ऑफ सोनी लिखा हुआ था। इसके बाद मामले की सूचना अधिकारिय़ों को दी गई और बच्चे को तुरंत न्यूनोटोलॉजी विभाग में भर्ती किया गया।

बताया जा रहा है कि महिला हिसार के गांव मालापुर की रहने वाली है, महिला का शनिवार को ही प्रसव हुआ था। प्रसव के बाद वह अस्पताल से गायब है। माना जा रहा है कि उक्त महिला ही बच्चे को फैककर फरार हुई है। पी.जी.आई. के अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए है। हैल्थ युनिवर्सिटी के मुख्य सुरक्षा अधिकारी मेजर नीरज शर्मा ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।

Manisha rana