ऑल इंडिया राहुल गांधी एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमिंदर सिंह तूर सहित सैकड़ों लोग टीएमसी में शामिल

1/9/2022 11:30:45 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा की राजनीति में तेजी से अपनी जमीन मजबूत करते हुए ऑल इंडिया तृणमुल कांग्रेस के सीनियर नेता व पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर की ओर से पार्टी के संगठन को लगातार तेजी से मजबूत किया जा रहा है। इस कड़ी में तृणमुल कांग्रेस हरियाणा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर की ओर से ऑल इंडिया राहुल गांधी एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमिंदर सिंह तूर सहित सैकड़ों लोगों को तृणमुल कांग्रेस हरियाणा में शामिल कर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। 

चंडीगढ़ में डॉ. अशोक तंवर की अध्यक्षता में पार्टी की एक बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान ऑल इंडिया राहुल गांधी एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमिंदर सिंह तूर, जसपाल सिंह तूर एनआरआई टोहाना, गुरजीत सिंह गिल, पंजाब से मनीष खन्ना, रिटायर्ड थाना प्रभारी जसविंद्र सिंह, यमुनानगर से डा. हुसैन व कैथल युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज कुमार सहित सैकड़ों लोगों ने टी.एम.सी. में आस्था जताई। 

वहीं इस सिलसिले में परमिंदर सिंह तूर ने कहा कि वे बंगाल की मुख्यमंत्री व टी.एम.सी. की राष्ट्रीय अध्यक्ष ममता बनर्जी की असरकारक और देशहित नीतियों से प्रभावित होकर डा. अशोक तंवर जैसे योग्य, अनुभवी नेतृत्व में टी.एम.सी. में शामिल हुए हैं। परमिंदर सिंह तूर पिछले करीब बीस बरस से राजनीति में सक्रिय हैं और वे लम्बे समय से राहुल गांधी एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। देश के साथ-साथ अनेक देशों में कांग्रेस एन.आर.आई. संस्थाओं के अध्यक्ष रहे परमिंद्र सिंह तूर राजनीति के साथ-साथ समाजसेवा में भी एक जाना-पहचाना नाम है।

हरियाणा के टोहाना जैसे छोटे से कस्बे से ताल्लुक रखने वाले परमिंद्रसिंह तूर ने राजनीति के अलावा निजी व्यावसाय और समाजसेवा के क्षेत्र में देश ही नहीं विदेशों में नाम चमकाया। कांग्रेस की राजनीति में एक बड़ा चेहरा रहे  परमिंदर सिंह तूर को तृणमुल कांग्रेस में शामिल कर टी.एम.सी. नेता डा. अशोक तंवर ने कांग्रेस को करारा झटका दिया है, वहीं टोहाना में नए राजनीतिक समीकरण में रंग भर दिया। राजनीतिक गलियारों में तूर का टी.एम.सी. में शामिल होना कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका, जबकि टी.एम.सी. के लिए एक बेहतर संकेत माना जा रहा है। 

वहीं डॉ. अशोक तंवर का कहना है कि टी.एम.सी. में शामिल होने वाले इन अनुभवी व योग्य युवाओं को पार्टी में आने वाले दिनों में अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। टोहाना में राजनीति के एक बड़े चेहरे को शामिल करवा कर डा. तंवर ने टी.एम.सी. परिवार को मजबूती देने का काम किया है। गौरतलब है कि डा. अशोक तंवर की ओर से 14 जनवरी से एक खास अभियान छेड़ा जाएगा। 60 दिन में हरियाणा के नब्बे विधानसभा क्षेत्र कवर किए जाएंगे। जनसंकल्प यात्रा के माध्यम से 25 लाख लोगों से समन्वय किया जाएगा और टी.एम.सी. के संगठन को मजबूती देते हुए 5 लाख सदस्य बनाए जाएंगे।

इस मौके पर उनके साथ नरेश मग्गू पवन वालिया और संजीव चौधरी आदि टीएमसी के नेता उपस्थित रहे। आने वाले दिनों में टीएमसी की पहली एडॉक कमेटियों की सूची भी जारी हो सकती है।

Content Writer

Shivam