अवैध संबंधों का विरोध करने पर पति ने पत्नी को पीटकर निकाला घर से बाहर, 14 साल पहले हुई शादी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 18, 2024 - 08:24 AM (IST)

जींद : एक महिला ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि उसके अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध हैं तथा जब उसने इनका विरोध किया तो उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया है। वहीं महिला ने पति के साथ-साथ अपनी जेठानी, सास तथा जेठ के लड़के पर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने व मारपीट करने के आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। वहीं पुलिस की शुरूआती जांच में महिला द्वारा सास, जेठानी व जेठ के बेटे पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद मिले हैं। जबकि आरोपी पति के खिलाफ महिला थाना जींद में मामला दर्ज करके पुलिस ने आगामी जांच तेज कर दी है।

तहसील उचाना के अंतर्गत एक गांव निवासी विवाहिता ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब साढ़े 14 साल पहले संदीप से हुई थी। शादी में उसके माता-पिता ने काफी दान-दहेज दिया था। लेकिन शादी के कुछ महीने बाद ही पति, सास, जेठानी तथा जेठ के बेटे ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसे घर के अंदर ही कैद करके रखा जाता था और किसी से मिलने-जुलने नहीं दिया जाता था। 

महिला का आरोप है कि पति उसे घर खर्च के लिए पैसे नहीं देता था और न ही अपने पति धर्म को निभाता था। जेठ की मौत के बाद खुलासा हुआ कि पति के जेठानी के साथ अवैध संबंध हैं। जब उसने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखा तो उसने इसका विरोध किया। इस पर पति ने उससे मारपीट करते हुए खामोश रहने को कहा। आरोपियों के उत्पीड़न को लेकर उसने पुलिस को शिकायत दी तो उन्होंने अपनी गलती मानते हुए भविष्य में तंग न करने का आश्वासन देकर समझौता कर लिया, लेकिन जैसे ही दोबारा ससुराल गई तो आरोपियों ने करीब डेढ़ महीना ही उसे सही सलामत रखा तथा उसके बाद फिर से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि जेठानी से अवैध संबंधों का विरोध करने के चलते आरोपी उसे रास्ते से हटाना चाहते हैं। पति उस पर गंदे इल्जाम लगाते हुए जान से मारने की धमकी देता है। महिला थाना जींद में पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके पुलिस ने गहनता से छानबीन शुरू कर दी है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static