पैग नहीं बनाया तो पत्नी की कर दी पिटाई, पुलिस ने पति और जीजा समेत अन्य लोगों पर मामला किया दर्ज

8/25/2021 6:24:32 PM

पानीपत (सचिन शर्मा): हरियाणा के पानीपत में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला डॉक्टर ने अपनी पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया। उसने इसकी शिकायत थाने में दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला के पति और जीजा समेत अन्य लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

निजी अस्पताल में कार्यरत महिला डॉक्टर का आरोप है कि उसका पति रोज शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है। आरोप है कि देर रात महिला डॉक्टर के पति अपने जीजा के साथ घर पर आए और पत्नी को शराब का पैग बनाने के लिए कहा, लेकिन पत्नी ने पैग बनाने से मना कर दिया तो इससे गुस्साए पति ने उसके साथ गाली गलौच व मारपीट की। 

महिला डॉक्टर ने बताया कि इसके बाद पति ने तेजधार हथियार से उस पर हमला करना चाहा, लेकिन उसने खुद का बचाव कर लिया। हालांकि इस दौरान हथियार उसके माथे पर लगा और वह जख्मी हो गई। इसके बाद महिला डॉक्टर ने अपने आप को बचाने के लिए खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और पुलिस को सूचित किया। इस बारे डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश वत्स ने बताया कि महिला डॉक्टर की शिकायत पर उसके पति और जीजा समेत अन्य लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

vinod kumar