वैवाहिक विवाद का हाई-टेक रूप: पति ने बंद कराया पत्नी का मोबाइल नंबर, ईमेल और सोशल मीडिया अकाउंट किए हैक

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 12:32 PM (IST)

अंबाला: वैवाहिक विवाद के बीच एक महिला का मोबाइल नंबर बंद कराने और उसके ईमेल, फेसबुक व इंस्टाग्राम अकाउंट के पासवर्ड बदलकर पहुंच छीनने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति पर रंजिश के चलते सोशल मीडिया अकाउंट हैक करवाने का आरोप लगाया है। साइबर क्राइम पुलिस की जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना सेक्टर-9 पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66 सी के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जंडली निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति शिवम के साथ वैवाहिक विवाद चल रहा है। इस संबंध में पहले से सेक्टर 9 थाने में शिकायत लंबित है। महिला के अनुसार, शादी के बाद से वह जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर रही थी, वह उसके पति के नाम पर पंजीकृत था। इसी नंबर से उसके ईमेल, इंस्टाग्राम और और फेसबुक अकाउंट जुड़े हुए थे।

महिला का आरोप है कि 10 जून को अचानक उसका मोबाइल नंबर बंद हो गया। इसके बाद उसकी ईमेल, इंस्टाग्राम और फेसबुक आईडी के पासवर्ड भी बदल दिए गए। पीड़िता के मुताबिक, पिछले करीब तीन महीने से उसे अपने किसी भी अकाउंट तक पहुंच नहीं मिल रही है। उसने आशंका जताई कि उसके पति ने रंजिश के चलते उसके अकाउंट हैक करवाए हैं।

जांच अधिकारी इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत और साइबर क्राइम पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66सी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static