घरेलू कलह के चलते पति ने की पत्नी की गला घोंटकर हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार

4/28/2022 3:58:02 PM

पलवल (दिनेश) : पलवल शहर के राजीव नगर में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां घरेलू कलह के चलते पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। इस मामले की सूचना मकान मालिक ने पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। मकान मालिक की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। 

जांच अधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि राजीव नगर के निवासी रघुबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसने तीन कमरे किराए पर दिए हुए हैं। एक कमरे में उत्तर प्रदेश के जिला हाथरस के निवासी रणजीत अपनी पत्नी नवीता के साथ रहता था। पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। 27 अप्रैल को सुबह आठ बजे रणजीत मजदूरी पर गया, लेकिन वह दो घंटे बाद ही वापस आ गया। घर आकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा शुरू हो गया। रणजीत से पूछने पर बताया कि वह नवीता को अपने साथ गांव ले जाना चाहता है, परंतु वह मना कर रही है। कुछ देर बाद दोनों बाहर चले गए। रात को करीब 11 बजे वापस लौटे। आते ही दोनों के बीच फिर से झगड़ा शुरू हो गया। 

मकान मालिक ने कहा कि रात के करीब डेढ़ बजे कमरे से चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। वह ऊपर पहुंचा तो कमरा बंद था। कमरे को खुलवाया तो रणजीत ने बताया कि उसने नवीता की गला घोंटकर हत्या कर दी है। जिसके बाद वह मौके से भाग गया।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana