हरियाणा में ‘मैं और मेरा परिवार’ अभियान चलाएगी ‘आप’

9/2/2018 10:20:46 AM

चंडीगढ़(बंसल): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निवास पर आज हरियाणा के आम आदमी पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में केजरीवाल ने हरियाणा जोड़ो अभियान के पहले चरण की सफलता पर सभी कार्यकत्र्ताओं को बधाई दी व कहा कि हरियाणा की जनता के लिए दिन-रात एक करना होगा, तभी हरियाणा से सी.बी.आई. (कांग्रेस, भाजपा, इनैलो) के भ्रष्ट तंत्र को खत्म कर सकते हैं। हर कार्यकर्ता अपने घर पर फ्लैक्स लगवाएंगे, जिसमें ‘मैं और मेरा परिवार आप पार्टी के साथ है’ लिखा होगा। ऐसे 1 लाख फ्लैक्स पूरे हरियाणा में कार्यकत्र्ता अपने घरों में लगवाएंगे।

केजरीवाल ने सुनीं समस्याएं
दिल्ली के सी.एम. व ‘आप’ पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल शनिवार शाम को कुंडली पहुंचे। यहां पर उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। उसके बाद वे पिहोवा के लिए रवाना हो गए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में आए दिन पैट्रोल-डीजल व टोल रेट बढ़ रहे हैं। इसकी वजह से आमजन का जीना दूभर हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य के तहत आमजन को सुविधाएं नहीं मिल रहीं। आज कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि आप देख सकते हैं कि दिल्ली में शिक्षा का स्तर कैसा है। दिल्ली में निजी स्कूल से अच्छे सरकारी स्कूल हैं। वहीं, स्वास्थ्य सेवाएं भी दिल्ली में अच्छी हैं। 

Deepak Paul