खिलाड़ियों से संबंधित फरमान की मुझे जानकारी नहीं :  बराला

6/9/2018 1:23:01 PM

रोहतक(दीपक भारद्वाज): भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला का कहना है कि हरियाणा में राज्य के खिलाड़ियों को सरकार द्वारा सुनाए गए फरमान के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्हें तो मीडिया के माध्यम से ही यह पता चला है। उन्होंने कहा कि वे खेल मंत्री से बातचीत करने के बाद ही कोई प्रतिक्रिया देंगे। हालांकि बराला ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों के प्रति सकारात्मक है। 

गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने हाल ही में एक नोटिफिकेशन जारी किया है। जिसके तहत प्रोफेशनल खिलाड़ियों को अपनी कमाई का एक तिहाई हिस्सा हरियाणा स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल में जमा कराना होगा। बराला शुक्रवार को रोहतक में पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे। यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने भाजपा सांसद राजकुमार सैनी के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी। 

उन्होंने कहा कि अगर सैनी भाजपा के विचार और सिद्धांत के साथ चलना चाहते हैं तो यह उनकी मर्जी है और अगर नहीं चलना चाहते हैं तो यह उनकी मर्जी। हर व्यक्ति स्वतंत्र है।  उन्होंने कांग्रेस नेताओं की यात्रा के बहाने गुटबाजी को लेकर भी कटाक्ष किया। 

किसान आंदोलन के मुद्दे पर बराला ने कहा कि कुछ नेता किसानों को बरगलाने का काम कर रहे है। भाजपा सरकार तो किसान हितैषी है और सबसे ज्यादा किसान के हित में काम किए है। जाट आरक्षण के नाम पर सीएम व मंत्रियों का विरोध करने के ऐलान पर उन्होंने कहा कि ऐसा कहने वालों का कोई आधार नहीं है।

Rakhi Yadav