आई.वी.आर. कॉल के माध्यम से लोगों से सम्पर्क साधने में जुटे केजरीवाल

3/12/2018 9:00:15 AM

चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा के सभी राजनीतिक दल भविष्य के लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने में जुटे हुए हैं। सभी दल अपने-अपने तरीके से अपना भीड़ जुटाकर अपना शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी ने भी ताल ठोक दी है। आगामी 25 मार्च को केजरीवाल हिसार में रैली कर भविष्य में प्रदेश की सभी लोकसभा तथा विधानसभा सीटों पर चुनाव लडऩे का ऐलान कर देंगे।

केजरीवाल ने रैली में भीड़ जुटाने के लिए आई.वी.आर. कॉल के माध्यम लोगों से संपर्क साधन में जुटे हुए है। इतना ही नहीं, हरियाणा से पुराना नाता जोड़कर लोगों को हिसार रैली में आने का न्यौता दे रहे हैं। रविवार से यह फोन कॉल हरियाणा के विभिन्न जिलों में रहने वाले लोगों को आनी शुरू हुई है। 

केजरीवाल ने इस फोन कॉल में कहा है कि वह हरियाणा में पैदा हुए और यहीं पर पढ़ाई-लिखाई की है। केजरीवाल ने इस कॉल में दावा किया है जब वह पैदा हुए तब हरियाणा नंबर वन होता था लेकिन अब तक सत्ता संभालने वाले सभी नेताओं तथा पार्टियों ने मिलकर हरियाणा को बर्बाद कर दिया है। 

आज हरियाणा में छात्र, किसान, व्यापारी, कर्मचारी तथा महिलाएं दुखी हैं। इस कॉल में प्रदेश की जनता को हरियाणा बचाने की अपील करते हुए कहा है कि हम सभी को अब एकजुट होना पड़ेगा जिसके लिए समूचे हरियाणा के लोगों को आगामी 25 मार्च को हिसार में एकत्र होकर विचार-विमर्श करने का न्यौता दिया गया है। दूसरी ओर आप के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद प्रदेश के सभी जिलों को दौरा कर लोगों को रैली में आने का न्यौता दे रहे हैं।