''मैं जिंदा नहीं रहूंगा, घर में डेड बॉडी ही पहुंचेगी''...50 लाख गंवाने के बाद युवक ने किया सुसाइड, दलाल पर गंभीर आरोप

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 05:24 PM (IST)

सोनीपत (सन्नी मलिक) : सोनीपत में विदेश जाने के सपने ने एक युवक की जान ले ली, जबकि दूसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। जानकारी के अनुसार सोनीपत के छोटूराम चौक स्थित एक रेस्टोरेंट में 2 युवकों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिसके बाद दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। फिलहाल सीटी थाना पुलिस मामले को जांचे जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवकों की पहचान अंकुश, निवासी कांलवा (जिला जींद) और रोहित, निवासी झरोठी (जिला सोनीपत) के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार हैं और बुआ तथा मामा के बेटे बताए जा रहे हैं। घटना के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रोहित की मौत हो गई, जबकि अंकुश की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

PunjabKesari

मामले में मृतक और घायल दोनों युवकों के परिजनों ने विदेश भेजने वाले एक दलाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि अमेरिका भेजने के नाम पर दलाल को 50 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन जब पैसे वापस मांगे गए तो दलाल ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। इसी आर्थिक और मानसिक तनाव के चलते दोनों युवकों ने यह खौफनाक कदम उठाया।

विदेश भेजने के नाम पर दलाल ने की 50 लाख की ठगी 

परिजनों का आरोप है कि विदेश भेजने वाले जिस दलाल से संपर्क किया गया था, उसका नंबर उन्हें दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने दिया था। परिवार का दावा है कि इसी संपर्क के माध्यम से दलाल तक पहुंचे थे और उसी के कहने पर 50 लाख रुपये दिए गए थे। परिजनों के मुताबिक, पैसे वापस न मिलने और लगातार मानसिक दबाव में रहने के कारण युवकों ने आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों ने यह भी बताया कि जहरीला पदार्थ निगलने से पहले रोहित ने अपने ताऊ को फोन कर कहा था कि वह अब जिंदा नहीं रहेगा और उसकी डेड बॉडी ही घर पहुंचेगी। यह सुनकर परिजन सकते में आ गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।  

फिलहाल पूरे मामले में पुलिस ने मीडिया के कैमरे से दूरी बना ली है। वहीं परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपित दलाल और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो वे रोहित के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करेंगे। घटना की सूचना मिलने के बाद सोनीपत सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दलाल, कथित दिल्ली पुलिस अधिकारी और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल में जुटी हुई है।  

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)          

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static