खरखौदा के IAS आशीष दहिया की दिल्ली में मौत, स्विमिंग पूल में मिला शव

5/30/2017 2:11:16 PM

खरखौदा(पवन राठी):दिल्ली के बेर सराय इलाके में स्थित विदेशी सेवा संस्थान में खरखौदा के आई.ए.एस. अफसर आशीष दहिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह आशीष का शव स्वीमिग पुल में तैरता हुआ मिला, जिससे वहां हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस जांच में जुट गई है। 

जानकारी के अनुसार 2016 बैच के आई.ए.एस. अफसर आशीष दहिया यहां पर अपने दोस्त अभिमन्यु गहलोत से मिलने के लिए आए थे। अभिमन्यु आई.एफ.एस. अफसर हैं और देर रात आशीष और अभिमन्यु के साथ कुछ और लोग स्वीमिंग पूल में थे। ये लोग वहां पार्टी कर रहे थे।

वहीं, पुलिस के मुताबिक सोमवार की देर रात पार्टी के दौरान स्वीमिंग की योजना बनी। इसी बीच एक महिला अफसर स्वीमिंग पूल में फिसल गई। उसे बचाने के लिए आशीष के साथ कई लोग कूदे। थोड़ी देर बाद लोगों को इस बात का अहसास हुआ कि आशीष गायब हैं। कुछ देर बाद लोगों ने देखा कि आशीष का शरीर पानी में तैर रहा है। दोस्त उसे तुरंत लेकर फोर्टिस अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सोनीपत गांव मटिंडू के रहने वाले आशीष ने हाल ही में पूरी हुई आई.ए.एस. की ट्रेनिंग को स्वर्ण पदक हासिल किया था। ट्रेनिंग खत्म होने के बाद आशीष दहिया को 31 मई को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में असिस्टेंट कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण करना था। 

फिलहाल आशीष के शव का दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में पोस्टमार्टम चल रहा है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि आज शाम को आशीष दहिया का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

इस हादसे के बाद आशीष परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। आशीष के ताऊ मित्र सेन ने बताया कि आशीष कल अपने आई.ए.एस. साथियों के साथ पार्टी कर रहा था। इसकी आई.ए.एस. में 53वीं रैंक आई थी। उनकी पत्नी भी आई.ए.एस. की तैयारी कर रही है।

आशीष दहिया का पार्थिव शरीर उनके घर सोनीपत के खरखौदा पहुंच गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि आशीष का अंतिम संस्कार पैतृक गांव मटिण्डू में होगा।